रणधीर कपूर की सेहत पहले से बेहतर, ऑब्जर्वेशन के लिए आईसीयू में किया गया शिफ्ट

कोरोना पूरे देश में अपना कहर बरपा रहा है। हर रोज इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या एक नया रिकॉर्ड बना रही है। गुरूवार को अपने समय के बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणधीर कपूर(Randhir Kapoor) कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रणधीर कपूर को कुछ टेस्ट के लिए आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल के मुताबिक रणधीर कपूर की सेहत अब पहले से बेहतर है।
अस्पताल के मुताबिक उनकी सेहत अब पहले से ठीक है, उन्हें आईसीयू में ऑब्जर्वेशन के लिए रखा गया है। उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा। जब रणधीर को आईसीयू में शिफ्ट में किया गया था तो उन्होंने कहा था- अस्पताल में सभी मेरा ध्यान रख रहे हैं और टीना अंबानी को भी थैंक्यू। सब कंट्रोल में है। सभी मेरे लिए बहुत काम कर रहे हैं। डॉक्टर्स हमेशा मेरे पास होते हैं। बता दें कि जब रणधीर को कंपकपाहट की दिक्कत होने लगी तब उन्होंने अपना कोविड टेस्ट करवाया था और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद रणधीर कपूर के संपर्क में करीना और करिश्मा आई थीं। उन दोनों ने भी अपना कोरोना टेस्ट करवाया था और उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस समय पूरा परिवार क्वारंटीन है। आपको बता दें रणधीर कपूर के साथ उनके स्टाफ के 5 लोग भी इस वायरस की चपेट में आ गए हैं।
पिछले एक साल के अंतराल में उनके दोनों छोटे भाइयों ऋषि कपूर और राजीव कपूर का निधन हो गया। भाई ऋषि और राजीव के निधन के बाद रणधीर कपूर टूट से गए हैं। उन्होंने चैम्बूर वाला पुश्तैनी घर बेचने का फैसला लिया है। रणधीर ने फैसला लिया है कि इस घर को बेचने के बाद वह अपनी बेटियों के पास ही रहेंगे। पहले रणधीर के साथ उनके छोटे भाई राजीव रहते थे लेकिन उनके निधन के बाद वह अकेला महसूस करने लगे हैं।
रणधीर कपूर फिल्म निर्माता और एक्टर राज कपूर के सबसे बड़े बेटे हैं। 15 फरवरी, 1947 को जन्मे रणधीर कपूर ने फिल्म 'श्री 420' (1955) में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया और फिल्ममेकर के तौर पर भी पहचान बनाई। रणधीर कपूर की अहम फिल्मों में 'कल आज और कल', 'जवानी दीवानी', 'रामपुर का लक्ष्मण' और 'चाचा भतीजा' शामिल हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS