आमिर और शाहरूख से ज्यादा है बॉलिवुड में सलमान का जलवा, जाने क्या है वजह

पिछले साल के आखिर में शाहरुख खान की 'जीरो' और आमिर खान की 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' जैसी बड़ी फिल्में टिकट खिड़की पर औंधे मुंह गिरी हैं। वहीं सलमान खान की फिल्म 'रेस-3' भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल नहीं कर पाई। अचानक मिली असफलता से शाहरुख और आमिर को बड़ा झटका लगा। इतने महीनों में उन्होंने कोई फिल्म साइन नहीं की।
लेकिन सलमान अपनी स्पीड से आगे बढ़ते रहे। इस साल ईद पर रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म 'भारत' ने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की है। उनकी फिल्म ने पहले चार हफ्तों में ही करीब 175 करोड़ रुपए कमाने में कामयाबी हासिल की है। इस तरह 'भारत' के साथ सलमान अपनी कामयाबी को फिर से वापस पटरी पर ले आए हैं। सवाल है कि सलमान का जलवा कैसे दर्शकों के बीच बरकरार है?
सलमान का सेट फॉर्मूला : सलमान खान की सफलता की सबसे बड़ी वजह फैंस के लिए उनका डेडिकेशन है। ऐसा नहीं है कि सलमान अपना जलवा बरकारार रखने के लिए कुछ एक्सट्रा एफर्ट कर रहे हों, जो अभी तक न किया हो। हकीकत यह है कि सलमान की लगातार बनी हुई पॉपुलैरिटी, कामयाबी का राज अपने उसी फॉर्मूले पर अभी तक चलना है, जिस फॉर्मूले पर चलकर उन्होंने अपना स्टारडम बनाया था। जबकि पिछले कुछ सालों में फिल्मों के चलने के लिए उसकी कहानी का मजबूत होना लगभग जरूरी शर्त बन गई है।
लेकिन सलमान खान इस मामले में अब भी अपवाद हैं। कंटेंट प्रेशर के दौर में भी सलमान आजतक अपने उसी फॉर्मूले पर निर्भर हैं, जिस फॉर्मूले ने उन्हें दो दशक पहले यंगस्टर्स का फेवरेट स्टार बना दिया था। कहने की जरूरत नहीं है कि सलमान खान न सिर्फ अपने उस फॉर्मूले को जारी रखे हैं बल्कि अभी भी वह उसी फॉर्मूले से लगातार सफलता का स्वाद भी चख रहे हैं।
सवाल है जब दूसरे कलाकारों के मामले में फॉर्मूला कामयाब नहीं रहा तो सलमान फिर इसमें कैसे कामयाब हैं? दरअसल, इसकी वजह सलमान के फैंस हैं, जो सलमान खान के दीवाने हैं। जब भी सलमान की फिल्म आती है, फैंस जरूर देखते हैं, चाहे कंटेंट कमजोर ही क्यों न हो।
फिल्मों में साफ-सुथरी इमेज: फैंस तो अब तक बरकरार सलमान की पॉपुलैरिटी की वजह हैं ही, साथ ही उनकी फिल्मों में आज भी फैमिली वैल्यूज, कल्चर का ध्यान रखा जाता है। सलमान हमेशा ऐसी फिल्मों में काम करना पसंद करते हैं, जिन्हें तीन साल के बच्चे के साथ-साथ 80 साल की दादी के साथ पूरा परिवार बैठकर देख सकता है। कहने का मतलब फिल्मों में सलमान की इमेज बहुत साफ-सुथरी होती है। वे अपने किरदार के लिए जरा भी ग्रे शेड्स पसंद नहीं करते हैं।
सलमान की फिल्मों में बोल्ड, इंटीमेट सीन भी नहीं होते हैं। हां, हल्की-फुल्की कॉमेडी सलमान की हर फिल्म में होती है। इसके अलावा आदर्शवादी बातें भी उनकी फिल्मों में शामिल होती हैं। इस तरह सलमान लार्जर देन लाइफ इमेज फिल्मों में गढ़ते हैं, जो दर्शकों को अच्छी लगती हैं। खुद सलमान खान कहते हैं, 'मैं फिल्में इसलिए बनाता हूं जिससे मेरे फैंस थिएटर जाएं और अच्छा समय बिताएं।
थोड़ा कुछ सीखें भी, थोड़ा डांस करें, थोड़ा रोएं और थोड़ा वह मेरे रोल को अपने साथ ले जाएं, जिससे मैं उनके दिल में रह सकूं।' इसी वजह से सलमान का जलवा अब तक बरकरार है। आज भी उन्होंने अपना सारा भरोसा अपने दर्शकों पर कायम करके रखा है। वह उनका ख्याल रखते हैं। दर्शक भी हमेशा सलमान का ख्याल रखते हैं। इसी कारण सलमान करीब-करीब गारंटीड सक्सेस के सुपरस्टार हैं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS