Lata Mangeshkar Passes Away: लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन, दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

Lata Mangeshkar Passes Away: लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन, दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान
X
Lata Mangeshkar Passes Away: लता मंगेशकर का आज निधन हो गया है। वह 92 साल की थीं। लता मंगेशकर को 'मेलोडी की रानी' और 'भारत की कोकिला' के नाम से जाना जाता था।

Lata Mangeshkar Passes Away: लता मंगेशकर का आज निधन हो गया है। वह 92 साल की थीं। लता मंगेशकर को 'मेलोडी की रानी' और 'भारत की कोकिला' के नाम से जाना जाता था। रविवार की सुबह करीब 8:12 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। लता मंगेशकर के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को शिवाजी पार्क ले जाया जाएगा। बता दें कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया है। वहीं ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने कहा कि आज सुबह 8:12 मिनट पर लता दीदी(लता मंगेशकर) का निधन हो गया है। उनके शरीर के कई अंग खराब हो गए थे। उनका इलाज काफी दिनों से अस्पताल में चल रहा था।

अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा

प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12:30 बजे उनके आवास पर लाया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

गीत संगीत की देवी मानकर हमेशा आपकी पूजा करते रहेंगे

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लता दीदी (लता मंगेशकर) आपके बिना इस देश के गीत और संगीत सूने हैं। आपकी कमी कभी कोई पूरा नहीं कर सकता है। गीत संगीत की देवी मानकर हमेशा आपकी पूजा करते रहेंगे। लता दीदी के चरणों में विनम्र प्रणाम।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वर कोकिला, 'भारत रत्न' लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

मेरे लिए व्यक्तिगत हानि

फ़िल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा कि मेरे लिए व्यक्तिगत हानि है कि लता मंगेशकर अब हमारे बीच नहीं रहीं। मैं कई सालों से उनके संपर्क में था। हर 15 दिन में मैं उनके साथ फोन पर बात करता था। इस साल 1 जनवरी को मैंने उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दी थीं। मुझे बहुत दुख हो रहा है।

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत रत्न लता मंगेशकर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। लता मंगेशकर की याद में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा। सम्मान के रूप में दो दिनों तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज़ खो गई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'स्वर कोकिला' लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज़ खो गई है। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

लता मंगेशकर जी कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वे कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुरीली आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।

संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपने सुर से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है, जैसा कि दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुत करते हुए, पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। उनकी उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।

पीएम मोदी बोले- दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर कहा कि मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वे हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है, जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी।

लता दी ने विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि स्वर्गीय लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से ना ही केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया था। उनके जाने से देश और संगीत की हानि हुई है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिलें।

Tags

Next Story