लड़का न होने पर पत्नी की हत्या, दूसरी शादी कर बढ़ाना चाहता था वंश

बहादुरगढ़ शहर के लाइनपार में अपने पति और बच्चियों के साथ सो रही महिला की मौत से पर्दा हटाते हुए पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। विदित है कि वारदात के बाद पति ने अज्ञात चोरों द्वारा वारदात को अंजाम देने की कहानी रची थी। पुलिस के अनुसार तीन बेटियां ऑप्रेशन से होने के बाद आरोपित बेटा होने की आस खो चुका था। इसके अलावा अन्य कई घटनाक्रम के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
बता दें कि गांव खेड़ी खुमार निवासी जयभगवान ने अपनी पुत्री संगीता की शादी करीब 10 साल पहले लाइनपार के सुभाष नगर निवासी सुनील के साथ की थी। संगीता ने सिजेरियन ऑप्रेशन के माध्यम से तीन बेटियों को जन्म दिया था। इनमें से एक का देहांत हो गया था। उनकी बड़ी बेटी करीब 4 साल तो छोटी बेटी करीब डेढ़ साल की है। गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी करने वाले सुनील को अब संगीता से पुत्र की प्राप्ति की आस लगभग खत्म हो गई थी।
एमबीए कर चुका सुनील भी अपनी मां का इकलौता पुत्र है। ऐसे में उसे अपना वंश समाप्त होने की चिंता सताने लगी। उसने संगीता को एक बार फोन पर अपनी मां से सुनील की बुराई करते हुए सुना था। संगीता से विवादों के कारण ही सुनील की मां भी अपनी पुत्री के पास जींद में रहती है। इतना ही नहीं सुनील के पूछने के बाद भी संगीता ने विवाह में मिले आभूषणों के बारे में जानकारी नहीं दी। इसी खुंदक में उसने संगीता की हत्या करने की साजिश रची।
उसे आभूषणों की झूठी चोरी की कहानी रचने के नाम पर विश्वास में लिया और शुक्रवार रात को क्लोरोफॉम सुंघाकर बेहोश करने के बाद बाएं हाथ से चेहरा दबा कर मार दिया। देर रात करीब साढ़े 3 बजे उसने योजना के अनुसार पड़ोसियों को सूचित किया और चोरों द्वारा वारदात करने की मनगढंत कहानी का प्रचार किया। रहस्यमयी हालात में हुई हत्या से हर कोई हैरान था। लाइनपार थाना पुलिस ने मौके पर गंभीरता से जांच करने के साथ साक्ष्य जुटाए और सुनील पर नजर पैनी की। इसके साथ ही पुलिस ने रविवार को उसे अपनी ही पत्नी संगीता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS