हरियाणा में भाजपा सुभाष बराला पर फिर लगाएगी दांव या बदलेगी चेहरा, ऐलान में बहुत देर नहीं!

योगेंद्र शर्मा. चंडीगढ
दिल्ली समेत कई राज्यों के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नियुक्त कर दिए जाने के बाद अब हरियाणा में भी हलचल शुरू हो गई है। हरियाणा से सटे दिल्ली से मनोज तिवारी की छुट्टी हो गई है और ऐसे में हरियाणा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर दांव लगाए बैठे नेताओं को उम्मीद बंधी है। संभावना है कि आने वाले एक-दो दिनों के अंदर हरियाणा का नया भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मिल जाएगा। अब ये देखना रोचक होगा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नजदीकी सुभाष बराला की ही इस पद पर ताजपोशी होगी या फिर किसी नए चेहरे को ये मौका मिलेगा।
पार्टी संगठन के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार हरियाणा में भी भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी बुधवार या गुरुवार को हो सकती है। हरियाणा में फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी इस पद पर बने रहने के लिए जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं। श्री बराला मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल की पहली पसंद बताए जाते हैं। सीएम चाहते हैं कि एक बार फिर उन्हीं को पार्टी संगठन की जिम्मेवारी दी जाए।
उसके बावजूद हरियाणा के कई सियासी दिग्गज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली हाईकमान के संपर्क में हैं। जिन लोगों के नाम प्रमुखता के साथ प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड में बताए जा रहे हैं,उनमें पूर्व मंत्री प्रोफेसर रामविलास शर्मा, सांसद नायब सैनी, पूर्व मंत्री ओपी धनखड़, हिसार के विधायक कमल गुप्ता के नाम शामिल हैं। इसी तरह से प्रदेश अध्यक्ष पद के नामों में वीर कुमार यादव का नाम भी अब लिया जाने लगा है, हालांकि ये कयास ही ज्यादा लगता है। पार्टी जातिगत समीकरणों को देखते हुए बदलाव करती है, तो रिप्लेसमेंट मैं जाट चेहरा दिया जा सकता है।
इसके अलावा इस बार अगर कोई पंजाबी चेहरा हरियाणा भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पद के लिए दिया गया तो उसमें संजय भाटिया करनाल सांसद का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। संजय भाटिया हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की गुड बुक के के साथ-साथ दिल्ली हाईकमान में भी अच्छी पैठ रखते हैं। पूर्व भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और वर्तमान गृहमंत्री अमित शाह की गुड बुक में भाटिया भी इस पद के प्रबल दावेदारों में हैं। दूसरा भाटिया देश में सर्वाधिक वोटों से जीतने के मामले में दूसरे नंबर के सांसद हैं। इसके अलावा भाजपा आलाकमान सभी को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चौंकाने वाला नाम भी दे सकती है।
इसके अलावा एक और नाम पर सबकी निगाहें हैं और वो नाम है कैप्टन अभिमन्यु का। हालांकि खुद कैप्टन अभिमन्यु ने इस दौड में शामिल होने या ना होने के कोई संकेत नहीं दिए हैं लेकिन कयास है कि भाजपा आलाकमान की पसंद वो भी हो सकते हैं क्योंकि भाजपा में जाट के रूप में एक कदावर चेहरा वही हैं और बाकी समाज में भी उनकी छवि अच्छी है।
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल विज का कहना है कि कई राज्यों में भाजपा प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति हो गई है। विज ने कहा कि वे कोई भविष्यवक्ता तो नहीं है लेकिन हरियाणा भाजपा को भी जल्दी ही आदेश मिल जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS