हरियाणा: चंडीगढ़ और मोहाली से लगते सभी बॉर्डर पर सख्ती बढ़ी

हरियाणा: चंडीगढ़ और मोहाली से लगते सभी बॉर्डर पर सख्ती बढ़ी
X
पंचकूला पुलिस प्रशासन लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए सख्त हो गया है। इसके चलते दूसरे राज्यों से पंचकूला में प्रवेश कर पाना आसान नहीं होगा।

पंचकूला। अब पंचकूला में प्रवेश कर पाना आसान नहीं होगा। पंचकूला वासियों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन और सख्त हो गया है। पंचकूला पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने बॉर्डर एरिया के नाकों दौरा कर वहां तैनात जवानों को दिशा-निर्देश दिए है।

उन्होंने कहा कि पंचकूला में किसी भी रास्ते से किसी भी व्यक्ति की अप्रत्यक्ष रूप से एंट्री नहीं होनी चाहिए। जिले में उसी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति मिलेगी जिसके पास प्रशासन द्वारा जारी पास होगा। इसके अलावा उस व्यक्ति को आने का कारण भी स्पष्ट करना होगा। विभाग ने सख्ती इसलिए की है क्योंकि कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति सारा खेल बिगाड़ सकता है। यदि आदेश की अवहेलना हुई तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की ड्यूटी के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। ट्राइसिटी में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों के कारण पंचकूला से लगते चंडीगढ़ और मोहाली के सभी बॉर्डरों पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस के सहयोग से पंचकूला हेल्थ विभाग की टीम चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग कर रही है।

पंचकूला में प्रवेश करने वाली गाड़ी का नंबर और गाड़ी चालक कहां से आया? व अन्य कई तरह की जानकारी भी उनसे प्राप्त करके नोट की जा रही हैं। इसके अलावा पंचकूला से लगते चंडीगढ़ व मोहाली बॉर्डर पर पंचकूला नगर निगम विभाग के द्वारा सैनिटाइजिंग का काम भी किया जा रहा है। चंडीगढ़ और मोहाली की तरफ से आने वाले दोपहिया वाहन,चार पहिया वाहन,किसी भी तरह का वाहन हो उसे पंचकूला में सैनिटाइज करने के बाद ही आने दिया जा रहा है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पंचकूला पुलिस और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद हो गया है।

Tags

Next Story