Yamunanagar: महिला सरपंच के पति पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर कर दी हत्या

यमुनानगर। लाकडाउन(Lockdown) के बीच गांव बालछप्पर की महिला सरपंच के पति रशपाल सिंह पर शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या (Murder) कर दी। मृतक के पेट व छाती समेत शरीर के अन्य अंगों पर आधा दर्जन से अधिक गोलियां लगी हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात के समय मौके पर नौ गोलियां चलाई गई हैं। पुलिस (police) ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर दो लोगों को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक गांव बालछप्पर निवासी महिला सरपंच का पति रशपाल सिंह (45) शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब अपने खेतों में गया हुआ था। इस दौरान किसी ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो रशपाल खून से लथपथ बेहोशी की हालत में नीचे पड़ा हुआ था। मृतक के पेट व छाती समेत शरीर पर आधा दर्जन से अधिक गोलियों के निशान थे। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मौके पर मृतक के चाचा गुरबचन सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से रशपाल सिंह का गांव के सुखविंद्र व विरेंद्र के साथ पंचायती जमीन से कब्जा छुड़वाने को लेकर झगड़ा चला आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रशपाल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित सुखविंंद्र व विरेंद्र को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
मामले में की जा रही है जांच
मामले की जांच कर रहे थाना छप्पर प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपित सुखविंद्र व विरेंद्र को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। उनके मुताबिक वारदात के समय आधा दर्जन से अधिक गोलियां चलाई गई हैं। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS