रघुवर जी की डबल इंजन सरकार ने झारखंड के अंदर से नक्सलवाद को उखाड़ फेंक दिया : अमित शाह

झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पोरेयाहत पहुंचे। यहां पर अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी और रघुवर दास जी ने पांच साल के अंदर झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम किया है। मैं आप सबसे अपील करने आया हूं कि आप एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाकर मोदी जी को झारखंड की सेवा करने का एक और अवसर दीजिए।
झारखंड के अंदर से नक्सलवाद को उखाड़ फेंक दिया
झारखंड कभी नक्सलवाद के कारण विकास के रास्ते पर भटक गया था। झारखंड में रोड बनाना, बिजली, पानी और शौचालय तक पहुंचाना दुष्कर हो गया था। मोदी जी और रघुवर जी की डबल इंजन सरकार ने झारखंड के अंदर से नक्सलवाद को उखाड़ फेंक दिया और आज झारखंड आगे बढ़ रहा है। 55 साल से पिछड़ा समाज के लोग संवैधानिक सम्मान के लिए जूझ रहे थे। मोदी जी ने 2014 से 2019 की सरकार के बीच उन्हें संवैधानिक सम्मान दिया और अब झारखंड में भी पिछड़े समाज के युवाओं को रोजगार देने का काम भाजपा की सरकार करेगी।
5 साल में इतनी सड़क बनाना आसान काम नहीं
जो जर्जर अवस्था में झारखंड भाजपा को मिला, पांच साल के अंदर घर-घर बिजली, शौचालय, गैस कनेक्शन, पीने का पानी और सखी मंडल के माध्यम से माताओं को रोजगार देने का काम भाजपा ने किया है। पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र में ही रघुवर सरकार ने 533 किमी लंबी सड़क, 150 करोड़ रुपये की लागत से बनायीं है, 5 साल में इतनी सड़क बनाना आसान काम नहीं है। यहीं 50,285 घरों में शौचालय बनाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12,460 आवास और 44 मत्स्य कृषकों को वेद व्यास आवास देने का काम मोदी सरकार ने किया है।
आप और टीएमसी पार्टी आपको गुमराह कर रहे
मैं विद्यार्थियों से अपील करना चाहता हूं कि आप नागरिकता संशोधन विधेयक का अभ्यास करिए। इसमें किसी की भी नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान ही नहीं है। ये कांग्रेस, आप और टीएमसी पार्टी आपको गुमराह कर रहे हैं और देश के अंदर हिंसा का वातावरण पैदा कर रहे हैं। मोदी सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया है, देश के अंदर विकास को आगे बढ़ाया है, जनभावनाओं का सम्मान किया है और झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।
झारखंड के सैकड़ों युवाओं ने कश्मीर को बचाने के लिए अपना खून बहाया
मैं एक नई बात देख रहा हूं कि राहुल बाबा पूछते हैं कि कश्मीर की बात आप झारखंड में क्यों कर रहे हो? राहुल बाबा को मालूम नहीं है कि झारखंड के सैकड़ों युवाओं ने कहीं सीआरपीएफ, बीएसएफ और सेना में रहकर कश्मीर को बचाने के लिए बर्फीली चोटियों पर अपना खून बहाया है। जब केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार थी तो उन्होंने झारखंड के विकास के लिए 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत 5 साल में मात्र 55 हजार 253 करोड़ रुपये दिए थे। आपने मोदी जी को देश का पीएम चुना तो उन्होंने 3 लाख 8 हजार 487 करोड़ रुपये झारखंड के विकास के लिए दिए।
वर्षों तक झारखंड के युवा लड़ते रहे, लेकिन जब तक कांग्रेस और आरजेडी का शासन रहा, झारखंड नहीं बना। जब केंद्र में अटल जी की भाजपा सरकार आई, उन्होंने झारखंड का निर्माण किया। अटल जी ने झारखंड को बनाया और मोदी जी ने झारखंड को संवारने और का काम किया है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS