झारखंड चुनाव: जमशेदपुर में पीएम मोदी बोले- कांग्रेस और JMM के राज में यहां सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट की खबरें आती थीं

झारखंड चुनाव: जमशेदपुर में पीएम मोदी बोले-  कांग्रेस और JMM के राज में यहां सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट की खबरें आती थीं
X
झारखंड चुनाव: आज झारखण्ड की बुलंद पहचान देश और दुनिया में है। पांच साल पहले कांग्रेस-JMM के राज में यहां से सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट की खबरें आती थीं। इन दलों के अनेक शीर्ष नेताओं पर आज भी भ्रष्टाचार के केस अदालतों में चल रहे हैं।

झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के लिए राजनीतिक दलों के नेता लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड के जमशेदपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया।

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा और भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्रियों को एक ऐसी गति से बदला गया, जिस गति से झारखंड का मौसम भी नहीं बदला है। इसके पीछे कांग्रेस और जेएमम नेताओं का स्वार्थ था। भारतीय जनता पार्टी ने अस्थिरता के दौर पर रोक लगा दी और झारखंड को एक पूर्ण मुख्यमंत्री दिया।

जमशेदपुर की ये धरती श्रम की धरती है, उद्यम की धरती है

आपका यही प्यार हम सभी को निरंतर सेवा के लिए प्रोत्साहित करता है। जमशेदपुर की ये धरती श्रम की धरती है, उद्यम की धरती है। ये धरती लाखों लोगों के सपनों को साकार करने वाली धरती है, दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाली धरती है।

कोई व्यक्ति कैसे अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ सकता है, जमशेदपुर उसकी प्रेरणास्थली है। श्रमिक का पसीना और उद्यमी की संवदेना, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रवाद कैसे अद्भुत परिणाम ला सकते हैं, इसका उदाहरण जमशेदपुर है।

भाजपा ने केंद्र सरकार को दिल्ली से बाहर निकालकर देश के कोने-कोने तक पहुंचाया

प्रधानमंत्री बनने के बाद जमशेदपुर का ये मेरा दूसरा कार्यक्रम है। 2016 में जब मैं यहां आया था तो मैंने कहा था कि हमारी सरकार दिल्ली तक सीमित रहने वाली सरकार नहीं है। आज भाजपा ने केंद्र सरकार को दिल्ली से बाहर निकालकर देश के कोने-कोने तक पहुंचाया है।

दशकों से चली आ रही इस व्यवस्था में परिवर्तन का बहुत बड़ा लाभ झारखण्ड को मिला है। आज झारखण्ड भारत के इतिहास की कुछ क्रांतिकारी योजनाओं की गंगोत्री और उद्गम स्थली बना है।

आयुष्मान योजना की शुरुआत का गौरव झारखण्ड के खाते में है

2022 तक देश के हर आदिवासी बाहुल्य ब्लॉक तक एकलव्य मॉडल स्कूल बनाने की शुरुआत भी झारखण्ड से ही हुई है। इसके अलावा झारखण्ड की धरती से ही ग्रामोदय से भारत उदय का सफल अभियान भी शुरू किया था और इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम भी यहीं किया गया।

आयुष्मान योजना जो दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, उसकी शुरुआत का गौरव झारखण्ड के खाते में है। देश के किसान को, खेत मजदूर को, छोटे दुकानदार के लिए 60 साल की उम्र के बाद निश्चित पेंशन योजना की शुरुआत का गौरव भी झारखण्ड को मिला है।

दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत का गौरव झारखण्ड के खाते में है। एक साल में देश के 60 लाख से अधिक गरीब मरीजों को गंभीर बीमारी की स्थिति में नि:शुल्क इलाज मिल चुका है, जिसमें से दो लाख झारखण्ड के ही हैं।

कांग्रेस-JMM के राज में यहां से सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट की खबरें आती थीं

आज झारखण्ड की बुलंद पहचान देश और दुनिया में है। पांच साल पहले कांग्रेस-JMM के राज में यहां से सिर्फ भ्रष्टाचार, लूट की खबरें आती थीं। इन दलों के अनेक शीर्ष नेताओं पर आज भी भ्रष्टाचार के केस अदालतों में चल रहे हैं। पीएम मोदी ने इसके अलावा कहा कि झारखंड को देश और दुनिया में पहचान दिलाने का श्रेय आपको और रघुवर दास जी को है।

अपने स्वार्थ और भ्रष्टाचार के लिए इन्होंने मुख्यमंत्री पद की कुर्सी तक का सौदा कर दिया था। उस दौरान यहां क्या-क्या खेल, खेले गए इसकी जानकारी आप सभी को है। पांच वर्ष पहले तक झारखण्ड राजनीतिक अस्थिरता के लिए चर्चा में रहता था।

सिर्फ 15 साल में झारखण्ड ने 10 बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा है

सिर्फ 15 साल में झारखण्ड ने 10 बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा है। मैं गुजरात में 13 साल तक अकेला मुख्यमंत्री रहा। इस स्थिरता का परिणाम है कि आज गुजरात कहां से कहां पहुंच गया है।

भाजपा ने अस्थिरता के इस दौर पर रोक भी लगाई और पहली बार 5 वर्ष तक एक ही मुख्यमंत्री झारखण्ड को दिया। इसी स्थिरता का परिणाम है कि नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हो पा रही है, बिजनेस के लिए अनुकूल माहौल बन पाया।

अवसरवादी गठबंधन को यहां की स्थिरता रास नहीं आती

कांग्रेस और जेजेएम के अवसरवादी गठबंधन को यहां की स्थिरता रास नहीं आती। इसलिए वो एक अस्थिर व्यवस्था यहां चाहते हैं। एक ऐसी व्यवस्था जिसमें इनका कारोबार फलता-फूलता रहे।

2014 से पहले केंद्र की कांग्रेस सरकार ने झारखण्ड के लिए जितने रुपये दिए, उससे कहीं ज्यादा बजट झारखण्ड को दिल्ली की भाजपा सरकार ने दिए हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने झारखण्ड के इंफ्रॉस्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने का काम किया है।

केंद्र में भाजपा शासन के दौरान करीब 700 किलोमीटर लाइनें खोली गईं

कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने अपनी सरकार के 5 साल में झारखण्ड के रेल इंफ्रॉस्ट्रक्चर के लिए 2 हज़ार करोड़ रुपए आवंटित किए थे। जबकि भाजपा सरकार के दौरान बीते 5 वर्ष में इसका 5 गुना यानि 10 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक झारखण्ड को मिला है। 2014 से पहले के 5 वर्ष में जहां झारखण्ड में 300 किलोमीटर से कम की रेल लाइनें चालू हुईं। वहीं केंद्र में भाजपा शासन के दौरान करीब 700 किलोमीटर लाइनें खोली गईं।

भाजपा की सरकार झारखण्ड को रेशम का, कपड़े का एक हब बनाने के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसी सोच के साथ बीते 5 वर्षों में करोड़ों रुपये की मदद झारखण्ड को दी गई है। आने वाले समय में स्टील की मांग और उत्पादन तेज होने वाला है। जिससे जमशेदपुर और झारखण्ड में स्टील उद्योग के विस्तारीकरण की पूरी संभावना है।

स्टील से वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनें बन रही हैं

भारत में ही बने स्टील से आज रेलवे ट्रैक, मेट्रो ट्रैक और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनें बन रही हैं। आने वाले समय में स्टील की मांग और उत्पादन और तेज होने वाला है। इससे झारखण्ड में स्टील उद्योग के विस्तार की पूरी संभावना है।

हमारे असंगठित क्षेत्र के श्रमिक साथी, जो सड़कों पर काम करते हैं, घरों में, दुकानों में काम करते हैं या रिक्शा-ठेला चलाते हैं, उनकी चिंता पहली बार भाजपा सरकार ने की है। श्रमयोगी मानधन योजना से ऐसे साथियों को 60 वर्ष के बाद पेंशन की सुविधा दी गई है।

संवेदनशीलता हो या फिर मुश्किल फैसले लेने का साहस ये सिर्फ भाजपा की सरकारों ने करके दिखाया है। लेकिन दिल्ली में जो कांग्रेस की सरकार रही, जिसमें JMM की भी भागीदारी रही है, उसने समस्याओं को उलझाया है। हमने समस्याओं को सुलझाया है।

संविधान में 370 को अस्थाई लिखा था

आजादी के बाद से हिंदुस्तान के हर कोने में जम्मू कश्मीर और 370 की चर्चा चल रही थी। संविधान में 370 को अस्थाई लिखा था, लेकिन एक टोली उसे स्थाई बनाने में जुटी थी, कोई उसे हाथ लगाने को तैयार नहीं था।

लेकिन देश की जनता ने मोदी को कठोर निर्णय लेने के लिए भेजा है। मैं राजनीति के हिसाब किताब नहीं करता हूं मैं सिर्फ देशनीति को देखता हूं। इसलिए दशकों से लटका 370 खत्म हो सका।

भाजपा सरकार ने 5 लाख तक की आय को टैक्स से मुक्त कर दिया

देश का मध्यम वर्ग कब से इनकम टैक्स में छूट की सीमा 5 लाख करने की मांग कर रहा था। ये भाजपा की ही सरकार है जिसने 5 लाख तक की आय को टैक्स से मुक्त कर दिया है। कांग्रेस ने पहले षड्यंत्र करके राम जन्मभूमि मामले को उलझाया, लटकाया और अपनी राजनीति के लिए उपयोग किया। आज इतना बड़ा मामला शांति से निपट गया, हर समाज ने उसका स्वागत किया और भाईचारा मजबूत हुआ। यही तो राम जी की ताकत है।

आजादी के साढ़े 6 दशक तक यहां सिर्फ 3 ही मेडिकल कॉलेज थे। बीते 5 साल में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 7 हो चुकी है। जो पुराने जिला अस्पताल हैं, मेडिकल कॉलेज हैं, उनके आधुनिकीकरण और विस्तारीकरण का काम भी आने वाले समय में हम तेज करने वाले हैं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story