तेज गर्मी में भी आपकी बगिया को महकाएंगे ये तमाम फूल, जानें कौन से हैं ये पौधे

इन दिनों देश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान से आग बरस रही है। कई शहरों में तो दिन का तापमान 45 डिग्री से भी ज्यादा हो जाता है। देश के बड़े हिस्से में लू चल रही है। इस सबके चलते सड़कों के किनारे लगे पेड़-पौधे मुरझाए-झुलसे नजर आ रहे हैं। कई गृहणियां सोचती हैं, जब इन दिनों अच्छे-खासे बड़े और स्वस्थ पौधे शाम तक झुलस जाते हैं तो ऐसे में भला कोई नया और वह भी फूलों का कोई नाजुक पौधा कैसे लग सकता है? लेकिन ऐसा नहीं है। कुदरत का पूरे साल का अपना टाइम टेबल है। ऐसा कोई मौसम नहीं, जब अपनी खुशबू और छटा बिखेरने के लिए कुदरत के पास दर्जनों किस्म के फूल वाले पौधे न हों।
तेज गर्मी में खिली-खिली बगिया
गर्मी के मौसम में घर में हरे-भरे पौधों की मौजूदगी भला किसको सुकून नहीं पहुंचाती। इस हरियाली में अगर रंग-बिरंगे और खुशबूदार फूल भी खिले हों तो यह तो सोने में सुहागा है। गर्मी के मौसम में कौन से फूल खिलते हैं, ज्यादातर लोगों को यह पता नहीं होता। लेकिन तेज गर्मी में भी आपकी बगिया को महकाने के लिए तमाम फूल होते हैं। हम आपको ऐसे ही फूल वाले पौधों के बारे में बताएंगे, जो मई-जून माह की भीषण गर्मी के मौसम के अनुकूल होते हैं और जिन्हें उतनी ही आसानी से लगाया जा सकता है, जितनी आसानी से हम सावन-भादों के मौसम में अपनी बगिया में फूलों के पौधे लगाते हैं। ये पौधे आसानी से उग भी जाते हैं और ज्यादा देखभाल भी नहीं चाहते।
जानें ये पौधे कौन से हैं
आकर्षक रंगों वाला सूरजमुखी : सूरजमुखी का फूल तो एक ऐसा आकर्षक रंग का फूल है, जो 45-47 डिग्री टेंप्रेचर में भी सूरज से नजरों से नजरें मिलाए खड़ा रहता है, बिना डरे, बिना मुरझाए। बस इसे आपको बिना भूले नियमित पानी और खाद देना होता है। इसी श्रेणी में बॉल्सम के फूल को भी रख सकते हैं। गर्मी में अपनी छटा बिखेरने वाले फूलों के पौधों को गर्मियों की शुरुआत के पहले ही लगा देना चाहिए ताकि सूरज के आग बरसाने के पहले ही ये ठंडक और खुशबू बिखेरने लगें।
कई रंगों वाला डहेलिया : गर्मी के खास फूल वाले पौधों में डहेलिया भी है। ये कई रंग के होते हैं। इन्हें लगाने से आपके बगीचे में रौनक आ जाती है। गर्मी के पौधों को लगाते समय एक बात खासतौर पर ध्यान रखें कि इन्हें सूरज की तेज रोशनी में न रखें। डहेलिया से हर रोज सितारे के आकार के दर्जनों लाल, हरे, नीले, पीले और गुलाबी फूल आते हैं।
सदाबाहार फूल ग्लेडियोलस : गर्मी के खास फूलों में ग्लेडियोलस भी शामिल है। इसे पूरी दुनिया के लोग पसंद करते हैं। यह एक सदाबहार फूल का पौधा है, जिसके पत्ते तलवार जैसे, फूल का बाहरी हिस्सा चिमनी के जैसे मुड़े हुए और शाखाएं चम्मच की तरह होती हैं।
Also Read: क्या आपको पता है शादी के बाद पहली सुबह में दुल्हन को क्या आते हैं ख्याल
हर मौसम को महकाने वाला गेंदा : गेंदा भी हर मौसम में बगिया को महकाने वाला फूल है। इसकी महक बहुत अच्छी होती है। गेंदे का फूल हर किस्म की पूजा में चढ़ता है। इनसे घरों को सजाया भी जाता है। गर्मियों में भी गेंदे की देखभाल करना आसान है। ये सुनहरा, लाल, बैगनी, पीले और कुछ कम सफेद रंगों में मिल जाएंगे।
रंग-बिरंगी छटा बिखेरता गुड़हल : इस मौसम के फूलों में गुड़हल का जिक्र न हो, यह कैसे हो सकता है। इसे भी भीषण गर्मी में आप अपनी बगिया में लगाकर रंग-बिरंगी छटा बिखेर सकती हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS