हरियाली तीज पर शहनाज हुसैन ने दिए टिप्स, ऐसे निखार सकते हैं अपना रंग-रूप

हरियाली तीज के अवसर पर विवाहित महिलाएं अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। इस दिन वह साज-श्रंगार भी करती हैं, दुल्हन की तरह सजती-संवरती हैं। लेकिन साज-श्रंगार अधूरा सा लगता है, अगर चेहरे पर चमक न हो। चेहरे पर निखार लाने में उबटन, फेस पैक कारगर साबित होते हैं।
उबटन का करें इस्तेमाल
प्राचीन समय से ही घरेलू उबटन का इस्तेमाल त्वचा पर निखार लाने के लिए किया जाता रहा है। चोकर, बेसन, दही, मलाई और हल्दी के मिश्रण से उबटन बनाया जाता है। इन सबको पीसकर मिश्रण तैयार होता है। फिर शरीर पर तिल के तेल से मालिश की जाती है और उसके बाद उबटन लगाया जाता है। आधे धंटे के बाद साफ पानी से नहाकर उबटन को साफ किया जाता है। उबटन का इस्तेमाल करने से त्वचा की मृत कोशिकाएं यानी डेड सेल्स हट जाती हैं, त्वचा मुलायम बन जाती है और निखार भी नजर आता है। आप भी तीज पर दमकी हुई त्वचा पाने के लिए उबटन का इस्तेमाल कर सकती हैं।
फेस पैक लगाएं
उबटन के इस्तेमाल से आपकी बॉडी स्किन तो दमक उठेगी लेकिन चेहरे की त्वचा पर निखार लाने के लिए आपको फेस पैक की जरूरत होगी। फेस पैक बनाने के लिए दो चम्मच चोकर में एक चम्मच बादाम तेल, थोड़ा-सा दही, शहद और गुलाब जल मिला लीजिए। इसमें आप सूखे पुदीने की पत्तियों का पावडर भी मिला लीजिए। इस पेस्ट को आंखों और होंठों को छोड़कर बाकी पूरे चेहरे पर लगा लीजिए। इसे चेहरे पर 30 मिनट लगा रहने दीजिए, बाद में साफ ताजे पानी से धो लीजिए। आपके चेहरे पर दमक नजर आने लगेगी।
आंखों की त्वचा के लिए
त्वचा पर चमक हो और आंखें थकी हुई नजर आएं तो चेहरा बुझा हुआ सा दिखता है। ऐसे में थकी आंखों के लिए कॉटन वुल पैड को गुलाब जल में भीगो दीजिए। फिर आंखें बंद करके आई पैड की तरह इसे इस्तेमाल कीजिए। 10 मिनट ऐसे ही आराम कीजिए। इससे आंखों की थकान मिटती है।
तीज पर ऐसा हो मेकअप
हरियाली तीज के दिन आपकी चाहत होती है, सबसे सुंदर और अलग नजर आएं। इसके लिए आप कुछ मेकअप टिप्स की मदद ले सकती हैं, जिससे आप और भी खूबसूरत नजर आएंगी।
- सबसे पहले त्वचा को साफ करके इस पर मॉयश्चराइजर लगाइए। ऑयली स्किन के लिए एस्ट्रिंजेंट लोशन का इस्तेमाल कीजिए। कुछ मिनटों के बाद त्वचा के दाग-धब्बों को कंसीलर से कवर कीजिए।
- तीज के लिए आप गोल्ड फाउंडेशन का सेलेक्शन भी कर सकती हैं। इसे चेहरे पर लगाकर गीले स्पंज से ब्लेंड कीजिए। गालों पर ब्लशर लगाइए, इसे गालों पर लगाकर धीरे से मेकअप ब्रश की मदद से ऊपर और नीचे की तरफ घुमाएं। इसके बाद गालों पर हल्के रंग का हाईलाइटर लगाकर अच्छे तरीके से ब्लेंड करें।
- रात के समय ब्लशर के रंग का होंठों की लिपस्टिक के रंग से मेल खाना जरूरी नहीं है। लेकिन आपने अगर ऑरेंज कलर की लिपस्टिक लगाई है तो पिंक कलर के ब्लश से दूर रहिए।
Also Read: हरियाली तीज पर ट्राइ करें मेंहदी के ये स्टाइल, निखरेगी हाथों की खूबसूरती
- आंखों को खूबसूरत दिखाने के लिए गहरे रंग की आई पेंसिल लगाएं। आंखों की ऊपरी परत पर डार्क कलर के आईशैडो भी अच्छा इफेक्ट देते हैं। आप चाहें तो हरियाली तीज वाले दिन ब्रोंज शैडो को आंखों की ऊपरी परत पर लगाएं। आईलाइनर को हाईलाइट करने के लिए आप गोल्ड, सिल्वर शैडो कलर का भी यूज कर सकती हैं।
- लिपस्टिक में आप लाल, गहरे लाल रंग के शेड इस्तेमाल करें। गहरे गुलाबी रंग की लिपस्टिक भी काफी अच्छी लगती है। ऑरेंज शेड की लिपस्टिक ज्यादातर स्किन टोन पर सूट करती है।
- इंडियन लुक में बिंदी मेकअप का जरूरी हिस्सा मानी जाती है। आप अपनी ड्रेस से मिलती-जुलती चमकती बिंदी जरूर लगाएं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS