बदलते मौसम में ऐसी हो आपकी डाइट

बदलते मौसम में ऐसी हो आपकी डाइट
X
बदलते मौसम और सर्दियों में हम जल्दी बीमार होते हैं, सर्दी-जुकाम, फीवर जैसी प्रॉब्लम कॉमन हो जाती हैं। इनसे बचाव जरूरी है, खासकर कोरोना संक्रमण के इस दौर में। इसके लिए न्यूट्रीएंट्स से भरपूर डाइट, फूड आइटम्स को इंपॉर्टेंस देनी चाहिए। जानिए, अपनी डाइट में क्या-क्या शामिल करें।

आयुर्वेद के अनुसार अगर हम अपने खान-पान का हमेशा ध्यान रखें, पौष्टिक भोजन करें तो तमाम तरह की बीमारियों से बच सकते हैं। यह बात हर मौसम के खान-पान पर लागू होती है। जल्द ही सर्दी का मौसम आ जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए हमें अपने खान-पान पर खास ध्यान देने की जरूरत है। इस बदलते मौसम में, ठंड के मौसम में हमारी भूख बढ़ जाती है, पाचक अग्नि भी तेज हो जाती है। ऐसे में हमें ऐसा भोजन करना चाहिए, जो जरूरी पोषण दे।

बाजरा : सर्द मौसम में बाजरा खाना काफी फायदेमंद होता है। आप इसकी रोटी या खिचड़ी खा सकती हैं। इससे हड्डियां मजबूत होती हैं। इसके रोजाना सेवन से आपको एनर्जी मिलेगी। आप कई बीमारियों से भी बच पाएंगी। आप चाहें तो बाजरे के साथ ज्वार और मक्के के आटे की रोटी भी अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं।

दालें : दालों को हेल्दी फूड माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। अपनी डाइट में रोजाना एक कटोरी दाल जरूर शामिल करें। सर्द मौसम के लिए उड़द की दाल को बेस्ट माना जाता है।

आंवला : आंवला विटामिन-सी का बेस्ट सोर्स है। आप आंवले को मुरब्बा, चटनी और अचार के तौर पर अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं। यह इम्यूनिटी बूस्टर का काम भी करता है। आंवला आपकी आंखों, बालों के लिए भी फायदेमंद है।

गुड़-शहद : इस बदलते मौसम और आगे सर्द मौसम में गुड़, शहद खाना काफी अच्छा होता है। शहद में एंटीऑक्सीडेंट्स की काफी मात्रा होती है। यह इम्यूनिटी को बढ़ाता है, वायरल इंफेक्शन से आपको बचाता है। गुड़ में भी भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है। सर्द मौसम में गुड़ खाने से हड्डियां मजबूत रहती हैं। गुड़ स्किन को ग्लोइंग भी बनाता है। यह सर्द मौसम में स्वीट क्रेविंग को दूर करने में भी मदद करता है।

गोल्डन मिल्क : गोल्डन मिल्क यानी हल्दी वाला दूध, इम्यूनिटी बूस्ट करने में हेल्प करता है। इसमें खांसी, जुखाम जैसे वायरल इंफेक्शन से लड़ने की ताकत होती है। इसमें कैंसर रोधक प्रॉपर्टीज भी होती हैं। गोल्डन मिल्क स्किन रिलेटेड प्रॉब्लम्स को भी दूर करता है। इसके अलावा आप सर्द मौसम में तुलसी-अदरक की चाय, दालचीनी का काढ़ा, पालक-गाजर का सूप भी पी सकती हैं। यह बहुत फायदेमंद होता है। हल्का गुनगुना पानी भी पिएं।

मौसमी फल-सब्जियां : हमेशा मौसमी फल-सब्जियां ही खाएं। इनमें काफी मात्रा में फाइबर पाया जाता है। आप पालक, मेथी और चौलाई को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इनके रोजाना सेवन से हीमोग्लोबिन यानी एचबी की मात्रा बढ़ती है। फलों में आप नाशपाती, अनार, संतरा, क्रेनबेरी और केला खा सकती हैं।

बॉक्स

इन्हें भी शामिल करें

- आप सब्जी, दाल में काली मिर्च, इलायची, दालचीनी और लौंग को जरूर शामिल करें। इससे आपकी इम्यूनिटी बढ़ेगी।

- ड्राय फ्रूट्स, सीड्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इसके अलावा आप सूरजमुखी के बीज, फ्लैक्स सीड्स, कद्दू के बीज, बादाम, पाइन नट्स और अखरोट को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं।

प्रस्तुति : अंजू रावत

बॉक्स

तिल का तेल है फायदेमंद

सर्द मौसम में कुछ महिलाओं में जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ जाती है। इसके लिए पूरे शरीर की मालिश करना फायदेमंद है। आप तिल के तेल से मालिश कर सकती हैं। आप चाहें तो अपने खाने में भी तिल का तेल इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे शरीर में कैल्शियम की कमी पूरी होगी।

Tags

Next Story