Health Tips : बिना सर्जरी के भी ठीक हो सकता है हर्निया, एक्सपर्ट्स से जानें इससे जुड़ी हर एक बात जो आप जानना चाहते हैं

Health Tips : हर्निया (Hernia) एक पेनफुल डिजीज है लेकिन इसे लेकर घबराना नहीं चाहिए। जल्द से जल्द डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए। सभी तरह की हर्निया (Hernia) के लिए तुरंत सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ती है, लेकिन अगर आपके हर्निया का आकार लगातार बढ़ रहा है या उसमें दर्द हो रहा है, तब सर्जरी (Surgery) कराना जरूरी हो जाता है। इस बारे में विस्तार से बता रहे हैं डॉ. प्रबल राय जो क्युआरजी अस्पताल, फरीदाबाद में सर्जरी विभाग के डायरेक्टर हैं।
क्या है हर्निया (What is Hernia)
हमारी आंतें, पेट में एक गुब्बारे के समान नाजुक थैले में स्थित होती हैं और उसके आस-पास मांसपेशियों की तीन परतें होती हैं। जब ये मांसपेशियां किसी स्थान पर कमजोर पड़ती हैं, तब वहां हर्निया होल बन जाता है, जहां हर्निया विकसित होने लगता है। कुछ समय बाद वहां दर्द होने लगता है और आंत के उस स्थान पर गुच्छा बनने का खतरा भी होता है। समय के साथ यह समस्या गंभीर होती जाती है और इसका उपचार केवल सर्जरी से ही किया जा सकता है। हर्निया कई प्रकार के होते हैं, जिसमें इंग्युनल हर्निया, अंबलिकल हर्निया, फेमोरल हर्निया और हिएटल हर्निया सम्मिलित हैं। ये सामान्यता उरूमूल क्षेत्र, पेट के ऊपरी भाग, नाभि और पहले हुई सर्जरी के चीरे वाले स्थान पर विकसित हो सकता है।
क्या हैं कारण (Causes of Hernia)
-मांसपेशियों की कमजोरी और तनाव हर्निया के विकसित होने में प्रमुख भूमिका निभाता है।
-जन्मजात स्थिति जो जन्म के समय से ही मौजूद हो
-हर्निया का पारिवारिक इतिहास
-गर्भावस्था
-उम्र बढ़ना और मांसपेशियों की कमजोरी
-चोट लगने या किसी दुर्घटना के कारण हुई क्षति
-लगातार कब्ज रहना
-लगातार खांसी आना
-धूम्रपान
-मोटापा
-कड़ी एक्सरसाइज करना या भारी सामान उठाना।
क्या खाएं (What To Eat)
हर्निया के लक्षणों को नियंत्रित करने में डाइट प्रमुख भूमिका निभाती है। खाद्य पदार्थ जो पेट में एसिड उत्पन्न नहीं करते और जो फाइबर से भरपूर होते हैं, हर्निया के मरीजों के लिए बहुत अच्छे माने जाते हैं। जो फल खट्टे नहीं होते जैसे केले, सेब, तरबूज, खरबूज खाएं, हरी पत्तेदार सब्जियां, फलियां, ब्रोकली, गाजर, शकरकंदी और मटर खाएं, वसा रहित या कम वसा वाला दूध और दही खाएं, सोया मिल्क या एलमंड मिल्क, सूखे मेवे और बीज, जैसे बादाम, अखरोट और चिया सीड खाना फायदेमंद है।
क्या खाने से बचें (What to Avoid)
खट्टे फल जैसे संतरे, मौसंबी, नींबू और टमाटर, तले हुए, मसालेदार और भारी खाद्य पदार्थ, प्याज और लहसुन, चॉकलेट्स, पुदीना, अल्कोहल, कार्बोनेटेड और कैफीनयुक्त पेय पदार्थ, वसायुक्त दूध का सेवन करें।
इन पर करें अमल
कुछ उपायों पर अमल करने से भी आपको आराम मिलेगा। अगर आप असहज महसूस करें, तो लेट जाएं, ढीले और आरामदायक ड्रेसेस पहनें, डॉक्टर की सलाह से योग और एक्सरसाइज करें, लेकिन ध्यान रखें जहां हर्निया है, वहां दबाव न पड़े। मल और मूत्र त्यागते/पास करते समय जोर ना लगाएं। अगर आपको खांसी हो रही हो तो उपचार कराएं।
-अगर आप मोटे हैं या आपका वजन औसत से अधिक है तो अपना वजन कम करें। भारी सामान उठाने से बचें। धूम्रपान न करें।
तब डॉक्टर से कंसल्ट करें
-अचानक और गंभीर दर्द
-जी मचलाना और उल्टी होना
-बुखार
-कब्ज होना
-पेट में लाल और जामुनी रंग का उभार दिखाई देना
-गैस या मल पास करने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS