सुबह व्यायाम करने से कम होगा कैंसर का खतरा

प्राणायाम, योगासन या और किसी प्रकार के व्यायाम से हमारा शरीर फिट रहता है और गलत लाइफस्टाइल से होने वाली कई बीमारियों जैसे-डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, कार्डियोवैस्कुलर बीमारियां, मोटापा, कैंसर आदि से हम बच सकते हैं। आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग कई बार सुबह एक्सरसाइज के लिए समय नहीं दे पाते, वे शाम को व्यायाम करते हैं। लेकिन लेटेस्ट स्टडी कहती है कि सुबह के समय एक्सरसाइज करने वालों में कैंसर होने का खतरा उन लोगों की अपेक्षा कम होता है, जो दोपहर या शाम को एक्सरसाइज करते हैं। इस स्टडी को इंटरनैशनल जर्नल ऑफ कैंसर में प्रकाशित किया गया है।
इसके अनुसार सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच एक्सरसाइज करने वाले लोगों में कैंसर होने का खतरा 25% तक कम होता है। विशेषकर ब्रेस्ट कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में। अलग-अलग समय पर की गई एक्सरसाइज, अलग-अलग तरह से आपकी सेहत को प्रभावित करती है। बॉडी में इस टाइमिंग को कंट्रोल करने का काम सर्केडियन रिदम करता है। शोध बताता है कि सर्केडियन रिदम और कैंसर के खतरे के बीच गहरा संबंध है। इसी तरह कुछ अन्य रिसर्च के अनुसार सर्केडियन रिदम और एक्सरसाइज की टाइमिंग के बीच भी संबंध होता है।
शोध के अनुसार सर्केडियन रिदम के अलावा एस्ट्रोजन हार्मोन का रोल भी महत्वपूर्ण होता है। एस्ट्रोजन हार्मोन बढ़ने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा भी बढ़ता है और एस्ट्रोजन का निर्माण मनुष्य के शरीर में सुबह सात बजे के आस-पास सबसे ज्यादा एक्टिव होता है। 5 साल (2008 से 2013) तक चली इस रिसर्च में 5 हजार से ज्यादा प्रतिभागी शामिल थे। वैज्ञानिकों ने सभी लोगों के एक्सरसाइज की आदतों, दैनिक शारीरिक गतिविधियों और एक्सरसाइज की टाइमिंग के बारे में जानकारी जुटाई और तब यह निष्कर्ष निकाला।
हां, यदि आप सुबह व्यायाम के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हों तो शाम के समय ही सही लेकिन व्यायाम जरूर करें क्योंकि बिल्कुल व्यायाम न करने के मुकाबले किसी भी समय व्यायाम करना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
Tags
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS