Health Quest: बच्चों से जुड़ी आम समस्याओं के चाइल्ड स्पेशलिस्ट से जानें उपाय

Health Quest: बच्चों से जुड़ी आम समस्याओं के चाइल्ड स्पेशलिस्ट से जानें उपाय
X
पहली बार माता-पिता बनना किसी चुनौती से कम नहीं होता, लेकिन उससे भी बड़ी चुनौती होता है उनकी परवरिश करना। जब आप माता-पिता बनते हैं तब आप हर दिन कुछ नया सीखते हैं। अपने बच्चों के साथ बड़े होते हैं उनकी समस्याओं को समझना शुरु करते हैं। यहां हम आपके लिए लेकर आएं हैं एक्सपर्ट से बच्चों की आम समस्याओं के जवाब...

Health Quest: पहली बार माता-पिता बनना किसी चुनौती से कम नहीं होता, लेकिन उससे भी बड़ी चुनौती होता है उनकी परवरिश करना। जब आप माता-पिता बनते हैं तब आप हर दिन कुछ नया सीखते हैं। अपने बच्चों के साथ बड़े होते हैं उनकी समस्याओं को समझना शुरु करते हैं। आजकल के समय में बच्चों को कई हेल्थ से जुड़ी समस्याएं होती हैं, जो आगे चलकर बीमारियों में तब्दील होनें में ज्यादा समय नहीं लगाती। यहां हम आपके साथ शेयर कर रहें हैं दिल्ली के चाचा नेहरू हॉस्पिटल के एक्स मेडिकल सुपरिटेंडेंट और चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. अनूप मोहता से हमारे पाठकों द्वारा किए गए कुछ सवाल और उनके जवाब। इनमें हमारे पाठकों ने बच्चों को होनें वाली आम समस्याओं को लेकर सवाल पूछे हैं...

सवाल- मेरी बेटी 9 साल की है। पढ़ाई करने के बाद उसके सिर में हल्का दर्द शुरू हो जाता है। ऐसा पिछले कुछ दिनों से हो रहा है। प्लीज कोई समाधान बताएं?

शिखारानी, धमतरी

जवाब- आपने बेटी की आंखों की जांच कराई या नहीं? अगर नहीं कराई है तो सबसे पहले आप बेटी की आंखों की जांच कराएं। कई बार आई साइट वीक होने पर ऐसी समस्या होती है। अगर उसकी आंखों की रोशनी ठीक है तो जरूर आपको एक बार चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर जांच करने के बाद बता पाएंगे कि कारण क्या है, उसके बाद ही ट्रीटमेंट शुरू होगा। वैसे आप यह नोटिस करें कि यह दर्द उसे किसी खास समय पर होता है या कभी-भी हो जाता है? इसके साथ ही बच्चे के खान-पान का पूरा ध्यान रखें। आप उसे हरी सब्जियां अधिक खिलाएं।

सवाल- मेरे बेटे की उम्र 12 साल है। वह गले में अकसर दर्द और खराश की शिकायत करता है। मैंने कई घरेलू उपाय अपनाए, लेकिन कोई आराम नहीं आ रहा है। कोई उपाय बताएं?

देव्यानी, महासमुंद

जवाब- कुछ बच्चों का गला बहुत ही सेंसिटिव होता है और कई बार टॉन्सिलाइटिस की वजह से ऐसी समस्याएं होती हैं। इसके लिए कोशिश करें कि आप बच्चे को सुबह उठने पर गुनगुना पानी पिलाएं। उसे फ्रिज का ठंडा पानी पीने के लिए ना दें। साथ ही उसे आइसक्रीम और ठंडी चीजें भी ना दें। इस तरह के छोटे-छोटे चेंज करने से आपके बेटे को राहत मिल जाएगी।

सावल- मेरा बेटा 10 साल का है। पिछले एक सप्ताह से खेलने के बाद उसके हाथ-पैरों में जकड़न होने लगती है। यह लक्षण किसी बीमारी के संकेत तो नहीं हैं? कोई उपाय बताएं।

राधिका, रोहतक

जवाब- जैसा आप बता रही हैं कि यह समस्या पिछले एक सप्ताह से हो रही है। इससे ऐसा लग रहा है कि बच्चे ने लंबे समय बाद दोबारा खेलना शुरू किया है। अचानक ज्यादा वर्कआउट होने की वजह से उसके साथ इस तरह की दिक्कतें आ रही हैं। आप बच्चे को कैल्शियम और प्रोटीन वाली चीजें अधिक खिलाएं। दर्द अधिक होने पर उसकी थोड़ी-सी मालिश भी कर दें। इस तरह धीरे-धीरे बच्चे को राहत मिल जाएगी। अगर इसके बाद भी राहत नहीं मिलती है तो आपको जरूर एक बार हड्डी रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।

सवाल- मेरी बेटी की उम्र 7 साल है। वह अब भी रात में बिस्तर गीला कर देती है। मैं इससे बहुत परेशान हूं। कृपया कोई समाधान बताएं?

अनु, अंबिकापुर

जवाब- यह समस्या काफी बच्चों में होती है। आजकल घरों में रात के समय एसी या कूलर चलता है, जिससे बच्चे को सोते हुए पता नहीं चलता और रात को यूरीन पास हो जाता है। इसलिए आप कोशिश करें कि बच्चे को सोने से 3 घंटे पहले खाना और पानी या फिर दूध, जो भी देना हो दे दें। उसके बाद कुछ भी ना दें। सोने से पहले उसकी यूरीन पास करने की आदत डेवेलप करवाएं। इससे उसकी आदत सुधर जाएगी।

सवाल- मेरा बेटा 4 साल का है। उसने अभी तक बोलना शुरू नहीं किया। वह किसी बात पर रिएक्ट भी नहीं करता है। बार-बार बुलाने पर ही सुनता है। लगता है जैसे उसे हमारी बातें समझ नहीं आ रही हैं या सुन नहीं पा रहा है। प्लीज बताइए कि मुझे क्या करना चाहिए?

सुशीला, कांकेर

जवाब- हालांकि कुछ बच्चे जल्दी बोलना शुरू करते हैं तो कुछ देर से बोलना शुरू करते हैं। लेकिन आप बता रही हैं कि वह बिल्कुल ही रिएक्ट नहीं करता है। ऐसे में आपको एक बार ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। वह जांच कर बता पाएंगे कि क्या समस्या है और जरूरत पड़ने पर ट्रीटमेंट शुरू करेंगे।

Tags

Next Story