गर्मी में इम्यूनिटी बढ़ाता है खीरा, शरीर में पानी से लेकर इन चीजों की नहीं होने देता कमी

गर्मी के मौसम में सलाद के रूप में खीरा खाना बहुत ही फायदेमंद है। इससे ना केवल गर्मी से राहत और ताजगी मिलती है, साथ ही इसमें मौजूद पोषक तत्व हमारे शरीर की इम्यूनिटी भी बढ़ाते हैं। इसके गुणों के बारे में आप भी जानिए।
चिलचिलाती गर्मी की धूप से राहत देने के लिए शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए यदि आपको किसी चीज की तलाश है तो गर्मी के मौसम में खीरे से बेहतर कुछ भी नहीं है। हममें से ज्यादातर लोग इसे गर्मी के मौसम में सलाद के रूप में प्रायः कच्चा ही खाना पसंद करते हैं। खीरा अपने आस-पास की चीजों के तापमान से काफी ठंडा होता है। यही वजह है कि गर्मियों में यदि इसे खाने के साथ खाया जाता है तो यह हमारे शरीर के भीतरी तापमान को नियंत्रित करने के साथ साथ इसे ठंडक भी प्रदान करता है।
ये हैं खीरे की विशेषताएं
खीरे को कुकुरबिटेसी फैमिली में रखा गया है। इसमें सीताफल, खरबूज, ककड़ी और तरबूज भी शामिल हैं। इन सबमें जल भरपूर मात्रा में पाया जाता है। दुनिया भर में खीरे की कई किस्में पाई जाती हैं। कुछ खीरे बीज से रहित होते हैं और स्वास्थ्य के लिहाज से इन्हें बेहतर समझा जाता है। इन्हें इंग्लिश खीरा भी कहा जाता है। जिस खीरे का इस्तेमाल हम आमतौर पर करते हैं यह पर्शियन खीरा कहलाता है। इसके अलावा छोटे खीरों की भी कई किस्में होती हैं। खीरा आमतौर पर दुनिया के हर देश में उगाया और खाया जाता है।
पानी से भरपूर
खीरे में 95 प्रतिशत पानी होता है। इसके अलावा इसमें शरीर को पोषण देने वाले खनिज लवण और फाइबर भी पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। खीरे में पौष्टिकता भरपूर मात्रा में पाई जाती है। यही वजह है कि खीरे को हम अलग अलग तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं।
खीरे में होते हैं कई पोषक तत्व
मुंबई स्थित एक निजी पॉलिटेक्निक में न्यूट्रीशन एंड अल्टरनेटिव मेडिसिन एक्सपर्ट संगीता सोमन के अनुसार खीरा सिलिका का बहुत अच्छा स्रोत है। सिलिका एक ऐसा खनिज लवण है, जो हमारे शरीर में तंतुओं के निर्माण में सहायक होता है और हमारी कोशिकाओं की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में सहायक होता है। यह हमारी त्वचा, बालों और नाखूनों की सुंदरता के लिए अच्छा माना जाता है। यह हमारी हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है। इसलिए खीरे का सेवन शरीर को स्वस्थ बनाए रखता है। खीरे के बीजों में पोटेशियम और मैगनीशियम होता है, जो रक्तचाप को कम करता है और हाइपर टेंशन को कम करने में भी सहायक होता है।
एक या दो नहीं कई रोगों से बचाता है खीरा
केवल सिलिका ही खीरे को गुणों से भरपूर नहीं बनाती बल्कि खीरे में विटामिन 'के' भरपूर मात्रा में पाया जाता है। जिसकी वजह से इसे स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा माना जाता है। विटामिन 'के' शरीर में प्रोटीन के साथ हड्डियों की मजबूती में सहायक होता है। पेट की जलन को दूर करने के लिए खीरा सबसे उपयुक्त माना जाता है। खीरे में विटामिन 'ए' भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा मैगनीज, फोलिक एसिड, आयरन और विटामिन सी मिलकर इसे अधिक पौष्टिक बना देते हैं। डॉ. सोमन के अनुसार खीरे के बीजों में पोटेशियम काफी मात्रा में पाया जाता है, जिसकी वजह से यूटीआई (यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन) और गाल ब्लैडर स्टोन में फायदेमंद होता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS