Monsoon Diet Tips: मानसून में रहना है हेल्दी और फिट तो अपनी डाइट में जरूर करें ये बदलाव, नहीं पड़ेंगे बीमार

अक्सर सीजन बदलते ही लोग ज्यादा बीमार पड़ने लगते हैं। इसकी एक या दो नहीं बल्कि कई वजहें हैं। इनमें से सबसे अहम वजह हमारी डाइट है। अगर आप अपनी डाइट पर ध्यान दें तो काफी हद तक आप बीमार पड़ने से बच सकते हैं। इसकी वजह हर मौसम के हिसाब से शरीर में अलग अलग (Diet) डाइट का काम करना भी है। जैसे गर्मी में ज्यादा तरल प्रदार्थ फायदेमंद होता है तो सर्दी में गर्म। इसी तरह सबसे ज्यादा बीमार डालने वाला मौसम मानसून (Monsoon) है। ऐसे में बीमार पड़ने से बचने और फिट रहने के लिए डाइट में क्या बदलाव करें। यह बताने जा रही है (Dietitian Tips) डाइटीशियन एक्सपर्ट प्रीति सेठ।
डाइटीशियन प्रीति सेठ के अनुसार, इस सीजन में आपको अपनी डाइट न्यूट्रीशन से भरपूर रखनी चाहिए। हर मौसम में ही हेल्दी, न्यूट्रीशियस डाइट लेनी चाहिए, लेकिन बारिश के मौसम में इसे लेकर ज्यादा कॉन्शस रहने की जरूरत होती है। दरअसल, डाइट में थोड़ी-सी भी लापरवाही कई समस्याओं का कारण बन सकती है। ऐसे में आपको इस मौसम में हेल्दी डाइट को ही प्रॉयोरिटी देनी चाहिए। रेनी सीजन में आप घर का बना खाना ही खाएं। इस तरह आप मानसून में भी फिट, हेल्दी रहेंगी।
ब्रेकफास्ट में खाये ये चीजें
इस मौसम में हमेशा हेल्दी ब्रेकफास्ट ही करना चाहिए। इसमें में आप पोहा, उपमा, इडली या कम घी वाले परांठे ले सकते हैं। आप चाहें तो रागी डोसा को भी अपने ब्रेकफास्ट में शामिल कर सकते हैं। रागी में कैल्शियम अच्छी मात्रा में होता है, जो आपकी हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। अगर आपको साउथ इंडियन खाना पसंद नहीं है तो आप फ्रूट जूस या साधारण फलों का सेवन कर सकते हैं। फलों में पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो आपको कई बीमारियों से दूर रखता है।
लंच में ज्यादा तले भुने से रहें दूर
मानसून में अकसर चटपटा-मसालेदार खाने का मन करता है, लेकिन ज्यादा तला-भुना खाने से गैस की समस्या हो सकती है। साथ ही यह अनहेल्दी भी होता है। इसकी बजाय आप लंच में एक कटोरी दाल, दो रोटी, चावल, सब्जी, सलाद और दही ले सकते हैं। यह एक कंप्लीट लंच है, जिसमें सभी जरूरी न्यूट्रीएंट्स मौजूद होते हैं। अगर आपके जोड़ों में दर्द रहता है तो आप दही को स्किप कर सकती हैं।
स्नैक्स में शामिल कर सकते हैं ड्राय फ्रूटस
बारिश के मौसम में अकसर शाम के समय घरों में समोसे, पकौड़े या दूसरी चटपटी डिशेज स्नैक्स के तौर पर बनाई जाती हैं। लेकिन आपको इनसे परहेज करना चाहिए। इसके बजाय आप सब्जियों का सूप पी सकती हैं। इसके साथ ही फ्रूट्स, ड्राय फ्रूट्स भी ले सकती हैं। आप स्प्राउट चाट को स्नैक्स में ले सकती हैं। हर्बल टी लेना भी एक अच्छा ऑप्शन है।
रात को खाना रखें हल्का
रात का खाना आपको हमेशा हल्का ही लेना चाहिए। इसमें आप चाहें तो एक रोटी और सब्जी से सकती हैं। चाहें तो सिर्फ सब्जी का ही सेवन भी कर सकती हैं। इसमें आप तोरी, घीया जैसी सब्जी ले सकती हैं। रात को उबली हुई दाल खाना भी फायदेमंद है। रात को सोने से 3 घंटे पहले डिनर कर लेना चाहिए। अपने शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आप रात को हल्दी वाला दूध भी पी सकती हैं। आपको हमेशा ताजा भोजन ही करना चाहिए।
इन चीजों को खाने से बचें
- मानसून में बासी खाना खाने से बचें।
- बर्फ का गोला या कुल्फी जैसी चीजों के सेवन से भी आपको बचना चाहिए। ठंडी चीजों से पूरी तरह से परहेज करें।
- फास्ट फूड, जंक फूड से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। घर में भी ज्यादा तला-भुना भोजन खाने से बचें।
- प्रोसेस्ड फूड के सेवन से बचें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS