Karwa Chauth Thali: करवा चौथ पर कैसे सजाएं पूजा की थाली, जानें पूजन के लिए कौन सा समान है जरुरी

Karwa Chauth Puja Thali Decoration: विवाहित महिलाओं के लिए करवा चौथ का व्रत-पर्व बहुत मायने रखता है। इसकी तैयारी वे बहुत उत्साह-उमंग से करती हैं। इस मौके पर वे स्वयं को सजाने-संवारने पर तो ध्यान देती ही हैं, वे अपनी पूजा की थाली को भी अलग और खूबसूरत ढंग से सजाना चाहती हैं। आप भी जरूर ऐसा ही चाहेंगी, इसलिए यहां हम आपको बता रहे हैं कैसे सजाएं अपनी पूजा की थाली कि वो नजर आए सबसे (How To Decorate Karwa Chauth Puja Thali) आकर्षक।
- मिट्टी का करवा
करवा चौथ का नाम ही करवे से पड़ा है। यानी इस पूजा में करवा सबसे जरूरी होता है। इस करवे में जल भर कर ही महिलाएं करवा चौथ की कथा सुनती हैं। इसी से चंद्रमा को देखते हुए जल का अर्घ्य चढ़ाती हैं और इस करवे के जल को ग्रहण करके ही व्रत पूरा होता है। इसलिए अपनी पूजा की थाली के लिए आप करवा पहले ही खरीद लाएं। आजकल कई तरह के डेकोरेटिव करवे मार्केट में खूब मिल रहे हैं। खरीदते समय यह जरूर चेक कर लें कि वो कहीं से चिटका ना हो।
- दीपक-रुई की बाती
आपकी पूजा की थाली में दीपक जरूर होना चाहिए। अपनी पसंद के अनुसार आप चाहे मिट्टी का दीपक रख सकती हैं या फिर आटे से बना दीपक। लेकिन इस मौके पर ज्यादातर आटे का दीपक रखा जाता है। इसलिए अपनी थाली में आप भी आटे का दीपक ही सजाएं।
- कुमकुम
पूजा की थाली में कुमकुम न हो तो करवा चौथ की थाली अधूरी मानी जाती है। इसलिए पूजा की थाली में छोटी सी कटोरी में कुमकुम रखना ना भूलें।
- फूल
फूलों को हमेशा से ही शुभ कार्य और पूजन में जरूर शामिल किया जाता है। इसलिए आपकी पूजा की थाली में भी रंग-बिरंगे और सुगंधित कुछ फूल जरूर होने चाहिए। आप अपनी पसंद के कुछ सुंदर फूल चुन कर थाली में रख सकती हैं।
- रोली-चावल
चंद्रमा की पूजा के वक्त आपको उन्हें रोली और अक्षत (चावल) भी अर्पित करना होता है। इन दोनों के बिना पूजा अधूरी होती है। इसलिए अपनी पूजा की थाली में आप रोली और अक्षत जरूर रखें। इनका पूजा में विशेष महत्व होता है।
- छलनी
करवा चौथ की पूजा में छलनी भी रखी जाती है। इस छलनी का प्रयोग करके ही महिलाएं चंद्रमा को जल अर्पित करती हैं, फिर इसके जरिए ही अपने पतिदेव को देखती हैं और उनके कल्याण के लिए प्रार्थना करती हैं। इसे भी आप सुंदर से रंगीन कागज, कपड़े से सजा सकती हैं। इससे आपकी थाली की खूबसूरती और बढ़ जाएगी।
- इन टिप्स को भी आजमाएं
- करवा चौथ पर पूजा के लिए आप अपने घर में मौजूद स्टील की थाली को भी सुंदर तरीके से सजा सकती हैं। थाली का साइज थोड़ा बड़ा होना चाहिए। आप थाली को सजाने के लिए रंगीन कलर के पेपर या चुनरी प्रिंट फैब्रिक का इस्तेमाल कर सकती हैं। आप अपनी ड्रेस से मैच करता कलर भी चुन सकती हैं।
- जब आप थाली पर पेपर या फैब्रिक लगा लें तो उसके किनारे और बीच मे गोलाई में गोटा लगा सकती हैं। साथ ही किनारे पर गोल्डन बेलबूटों से सजा सकती हैं।
- आप थाली के साथ छन्नी और लोटे को भी सजा सकती हैं। इस पर आप कलर कर सकती हैं या फिर थाली से मैच करता हुआ फैब्रिक या पेपर लगा सकती हैं। उसके ऊपर छोट शीशे के टुकड़े चिपका कर इसको और भी आकर्षक बना सकती हैं। इसी तरह छलनी पर गोटा या किनारी लगाकर डिफरेंट लुक दे सकती हैं।
मानसी
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS