Practice Self Love: खुद से कीजिए प्यार जिंदगी होगी खूबसूरत

Practice Self Love:  खुद से कीजिए प्यार जिंदगी होगी खूबसूरत
X
Practice Self Love: यदि आपको अपने आपसे प्यार नहीं है, आप अपनी खूबी नहीं पहचानती हैं तो इसका आपके जीवन पर बुरा असर पड़ता है, वहीं हम जब अपने आपसे प्यार करना सीख जाते हैं तो हमारी सोच पॉजिटिव हो जाती है, जो हमारी लाइफ को बेहतर बनाती है। लेकिन हम खुद को अहमियत कैसे दें, खुद से कैसे प्यार करें?

Practice Self Love: कई महिलाओं में परफेक्ट ब्यूटीफुल या खुद को खास दिखाने की चाह इस कदर हावी होती है कि एक जुनून बन जाती है। इसके कारण वे जैसी दिखती हैं, उसमें लगातार सुधार करने की कोशिश करती रहती हैं। जब उम्मीद के मुताबिक सुधार नहीं हो पाता तो वे खुद को नापसंद करने लगती हैं, खुद से प्यार करना भूल जाती हैं। यह सोच महिलाओं में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को कम कर देती है। अगर यह भावना हद से ज्यादा बढ़ जाए तो दिल और दिमाग पर इसका बुरा असर पड़ता है। इस स्थिति से बचना जरूरी है, वरना जीवन में बहुत नुकसान होता है।

आती हैं ये समस्याएं

नहीं कर पाते चुनौतियों का सामना : जब हम अपने आपसे प्यार नहीं करते तो हमारे भीतर का आत्मविश्वास चूर-चूर हो जाता है। हिम्मत टूट जाती है। हम जीवन की चुनौतियों का सामना कर पाने में खुद को अक्षम पाते हैं।

खुद को छोटा महसूस करना : खुद को पसंद न कर पाने की भावना हमें भीतर से कमजोर कर देती है। धीरे-धीरे यह हमारे व्यक्तित्व को छोटा साबित करती है। इसके कारण ही हम निराशावादी बन जाते हैं, जीवन में सफलताओं से दूर हो जाते हैं।

तुलनात्मक हीनता के शिकार : जब हम खुद से प्यार नहीं करते हैं, दूसरों से अपनी तुलना करते रहते हैं तो इससे हम हीनता के शिकार हो जाते हैं। हम अपने निर्णय दूसरों की देखा-देखी लेते हैं। ऐसा होने पर गलत डिसीजन भी ले लेते हैं, जो हमारे लिए बाद में नुकसानदायक साबित होते हैं। इन सब स्थितियों को देखते हुए, खुद से प्यार करना जरूरी है।

यूं कीजिए खुद से प्यार

खुद को स्वीकार करें : खुद से बार-बार कहें, 'मैं जैसी हूं, अच्छी हूं' यानी खुद को स्वीकार कीजिए। एक बार अगर आप इस बात को स्वीकार कर लेती हैं तो आपके भीतर एक नया आत्मविश्वास पैदा होता है, आप एक नई ताकत महसूस करती हैं।

खुद करें अपना आकलन: दूसरों को अपना आकलन न करने दें। आप उन्हें ऐसा करने की छूट बिल्कुल न दें। इसके बजाय खुद का आकलन करने के लिए अपना पैमाना, स्वयं ही तय करें। अपना आकलन बिना किसी भेदभाव के करें। इस तरह आप खुद में सुधार पाएंगी और अपने आपको खास महसूस करेंगी।

अपना रास्ता खुद बनाएं : अपने भीतर छिपे टैलेंट, पैशन को पहचानें। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके इर्द-गिर्द कितने नेगेटिव सोच वाले लोग हैं। नेगेटिव सोच वाले लोग आपको हमेशा भटकाएंगे ही। आप बेहिचक आत्मविश्वास के साथ अपना रास्ता खुद बनाएं। जब आप ऐसा करती हैं तो खुद की अहमियत को समझती हैं। खुद से प्यार करने लगती हैं। इस तरह आप अपनी जिंदगी को खूबसूरत बना पाती हैं। ताउम्र खुश रहती हैं।

Tags

Next Story