इन आसान टिप्स के जरिए आज ही आम से बनाए यमी-यमी डिशेज, लोग पूछेंगे- 'कैसे बनाया...'

इन आसान टिप्स के जरिए आज ही आम से बनाए यमी-यमी डिशेज, लोग पूछेंगे- कैसे बनाया...
X
आम (Mango) फलों (Fruits) का राजा है और यह फल लगभग सभी लोग खूब पसंद करते हैं। इन दिनों बाजार में दशहरी, लंगड़ा, चौसा और भी कई तरह के पके आमों की भरमार है। आप इन्हें धो-काटकर तो खाती ही हैं, लेकिन चाहें तो इनसे कई तरह की स्वीट-टेस्टी डिशेज (Mango Dishes recipe) भी बना सकती हैं।

आम (Mango) फलों का राजा है और यह फल लगभग सभी लोग खूब पसंद करते हैं। इन दिनों बाजार में दशहरी, लंगड़ा, चौसा और भी कई तरह के पके आमों की भरमार है। आप इन्हें धो-काटकर तो खाती ही हैं, लेकिन चाहें तो इनसे कई तरह की स्वीट-टेस्टी डिशेज (Mango Dishes recipe) भी बना सकती हैं। जी हां, एक आम से आप सैकड़ों रेसिपी बना सकती हैं। इस बार हम आपके लिए लेकर आए हैं, कुछ मैंगो डिशेज की रेसिपी। इन्हें बनाना भी बहुत ईजी है।

आम श्रीखंड (Aam Srikhand)

सामग्री : पके हुए आम का गूदा : 1 कप, ताजा दही : 4 कप, इलायची पावडर : आधा छोटा चम्मच, पिसी चीनी : आधा कप, बारीक कटा पिस्ता : 1 छोटा चम्मच, गार्निश के लिए: आधे कटे बादाम

विधि : सबसे पहले दही को किसी पतले कपड़े में बांध कर 3-4 घंटों के लिए लटका दें। तब तक आम के गूदे को फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें। अब आम के गूदे को दही, इलायची पावडर और चीनी के साथ मिक्सी में अच्छी तरह फेंट कर फिर से 2-3 घंटों के लिए फ्रिज में रख दें। बारीक कटे पिस्ते और आधे कटे बादाम से गार्निश करके ठंडा-ठंडा आम श्रीखंड सर्व करें।

गोल्डन ब्लॉसम (Golden Blosam)

सामग्री: पके आम का गूदा : 1 कप, शहद : 2 बड़े चम्मच, दूध : 1 कप, कुटी बर्फ : 1/4 कप, स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम : 1 स्कूप, अनार के दाने : 1 छोटा चम्मच, कीवी के छोटे टुकड़े : 1 छोटा चम्मच, पेठा चेरी : 1/2 छोटा चम्मच

विधि : आम का गूदा और शहद को मिक्सी में डालकर ब्लैंड करें। दूध और कुटी बर्फ मिलाकर अच्छी तरह फेंटें। तब तक ब्लैंड करें, जब तक मिश्रण स्मूद न हो जाए। इसे ग्लास में डालकर ऊपर स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम का स्कूप रखें। ऊपर से अनार के दाने, कीवी के टुकड़े और पेठा चेरी डालकर ठंडी-ठंडी गोल्डन ब्लॉसम सर्व करें।

मैंगो कप केक (Mango Cup Cake)

सामग्री : मैंगो पल्प : 1/4 कप, मैदा : आधा कप, आम के गूदे के छोटे-छोटे टुकड़े : 2 बड़े चम्मच, पिघला मक्खन : 4 बड़े चम्मच, कंडेंस्ड मिल्क : 1/4 कप, दूध : आधा कप, नमक : चुटकी भर, बेकिंग पावडर : 1/4 छोटा चम्मच, बेकिंग सोडा : चुटकी भर, वनीला एसेंस : 1/4 छोटा चम्मच, बारीक कटा पिस्ता : 1/4 छोटा चम्मच

विधि : सबसे पहले एक बड़े कटोरे में सारी सूखी सामग्री डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर दूध छोड़कर बाकी सामग्री मिला लें। आवश्यकतानुसार दूध डालें और अच्छी तरह फेंटकर गाढ़ा (फ्लोइंग कंसिस्टेंसी का) बैटर बना लें। इस बैटर को माइक्रोवेव सेफ बाउल में दो-तिहाई तक भरकर दो मिनट के लिए माइक्रोवेव में रखें। टूथ पिक डालकर चेक करें। टूथ पिक साफ निकले तो ठीक है वरना 10 सेकेंड और माइक्रोवेव में रखें। पूरी तरह बेक होने के बाद केक को ठंडा होने के लिए साइड में रख दें। ठंडा होने पर इसके ऊपर आम के टुकड़े और कटा पिस्ता डालकर मैंगो कप केक सर्व करें।

मैंगो पुलाव (Mango Pulao)

सामग्री : बासमती चावल : 1 कप, पके आम का रस : 1 कप, पिसी चीनी : 1/4 कप, खाने वाला पीला रंग : 1 चुटकी

गार्निश के लिए: लाल पेठा चेरी : 1 छोटा चम्मच, बारीक कटे पिस्ता, काजू और बादाम : मनचाही मात्रा में

विधि

चावल को अच्छी तरह धोकर 2 कप पानी में आधा घंटा भिगो लें। अब इन्हें पानी सहित प्रेशर कुकर में पकाएं। कुकर में प्रेशर बनते ही आंच से उतार लें और प्रेशर निकलने दें। कड़ाही में आधा कप पानी में, आम का रस और चीनी मिलाकर पकाएं। खाने वाला पीला रंग भी मिला दें। चीनी घुलने पर उबले चावल डालकर चलाएं। पिस्ता, काजू और बादाम कटी मेवा और चेरी से गार्निश करके मैंगो राइस परोसें।

मैंगो अनार कुल्फी (Mango Anar Kulfi)

सामग्री : पके आम का गूदा : 2 बड़े चम्मच, दूध : 1/2 लीटर, चीनी : 2 बड़े चम्मच, कॉर्न फ्लोर का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच, शहद : डेढ़ बड़े चम्मच, अनार के दाने : 1/2 कप

विधि: पहले दूध को मंदी आंच पर पकाएं। गाढ़ा हो जाने पर कॉर्न फ्लोर का पेस्ट डालकर थोड़ा और पकाएं। आंच से उतारकर ठंडा होने दें। अब आम का गूदा और शहद मिलाकर मिक्सी में ब्लेंड करें। अब पके दूध और कॉर्न फ्लोर वाले मिश्रण में आम और शहद के मिश्रण को अच्छे से मिलाएं। फिर अनार के दाने मिलाकर कुल्फी के सांचों में भरें और जमने के लिए फ्रीजर में रख दें। कुछ देर बाद ठंडी-ठंडी मैंगो अनार कुल्फी परोसें।

प्रस्तुति: ओम प्रकाश गुप्ता

Tags

Next Story