Health Quest: 40 की उम्र के बाद इंसान को घेर लेती हैं कई बीमारियां, डेली लाइफ की समस्याओं पर जानें एक्सपर्ट्स की राय

Health Quest: मौजूदा समय में फिट (Fit) रहना काफी कठिन हो गया है, 40 की उम्र तक आते-आते लोगों को कई तरह की बीमारियां घेर लेती हैं। कुछ बीमारियां गंभीर रूप ले लेती हैं तो कुछ अच्छे इलाज के बाद ठीक हो जाती हैं, हम सभी को फिट रहने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है। आज के दौर में हर शख्स किसी न किसी बीमारी फिर चाहे वहछोटी हो या बड़ी उससे जूझ रहा है और इसलिए हम अपने हेल्थ क्वेस्ट के इस सीजन में लेकर आए हैं कुछ आम सवाल। हमारे पाठकों के इन सवालों के जवाब दिए हैं एनसीआर के सीनियर फिजिशियन डॉ. आर.पी. सिंह (Dr. R. P. Singh)।
सवाल: मेरी उम्र 65 वर्ष है। थोड़ा-सा भी पैदल चलने पर मेरी पीठ और पैर की मसल्स में दर्द होने लगता है। कृपया मेरी समस्या का समाधान बताएं?
-राजेंद्र सिंह, भोपाल
जवाब: उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों में गैप बढ़ने लगता है और हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। इसलिए काफी लोगों में इस तरह की समस्या देखी जाती है। आपको कैल्शियम के लिए दूध और दूध से बने उत्पाद का सेवन अधिक से अधिक करना चाहिए। साथ ही नियमित रूप में सुबह-शाम आपको एक्सरसाइज करनी चाहिए, इससे आपको दर्द से राहत मिलेगी।
सवाल: मेरी उम्र 40 वर्ष है। पिछले कुछ दिनों से मेरे पेट में गांठ दिख रही है, उसमें बहुत दर्द हो रहा है। कृपया बताएं इसका कारण क्या है और मुझे किस डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
-इंद्रेश, रायपुर
जवाब: जैसा आप बता रहे हैं कि आपके पेट में गांठ है और उसमें दर्द भी हो रहा है। इसे आप हल्के में ना लें। आपको तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। सबसे पहले आप किसी सर्जन के पास जाएं, वह बताएंगे कि यह गांठ कैसी है, उसका क्या उपचार किया जा सकता है। लोगों द्वारा बताया गया उपचार करना नुकसानदेह हो सकता है।
सवाल: मेरी उम्र 53 साल है। मुझे कुछ दिनों से पेशाब में थोड़ा-सा खून आ रहा है, दर्द भी होता है। कृपया बताएं मुझे क्या करना चाहिए?
-प्रेम कुमार, रोहतक
जवाब: यह समस्या आपको अभी शुरू हुई है या पहले से है? अगर लंबे समय से है तो आपको यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए, वो अल्ट्रासाउंड और यूरीन की कुछ जांच कराएंगे, जिससे इसका कारण पता चलेगा। कई बार स्टोन की वजह से भी इस तरह की समस्या देखी जाती हैं, लेकिन बिना जांच कराए कुछ भी कहना मुश्किल है।
सवाल: मेरी उम्र 31 साल है। मुझे अकसर हिचकी आने लगती है, जो कई घंटों तक आती रहती है। ऐसा क्यों होता है, प्लीज कोई उपचार बताएं।
-विकास, जबलपुर
जवाब: हिचकी आना एक सामान्य प्रक्रिया है लेकिन आप बता रहे हैं कि आपको हिचकी कई घंटे तक आती रहती है, इसलिए बेहतर होगा कि आप जनरल फिजिशियन से संपर्क कर एक बार जांच करा लें, जिससे इसका कारण पता चलेगा और उपचार किया जा सकेगा।
सवाल: मेरी उम्र 49 साल है। कुछ भी स्पाइसी खाने पर एसिडिटी होने लगती है। इससे कैसे बचा जा सकता है?
-मोहन, दुर्ग
जवाब: उम्र बढ़ने के साथ पाचन क्रिया कमजोर होने लगती है, जिससे इस तरह की समस्या शुरू हो जाती है। इसके लिए सबसे पहले आपको कम स्पाइसी भोजन करना चाहिए। साथ ही खाने में सलाद की मात्रा बढ़ा दें। इसके साथ ही नियमित रूप में मौसमी फल का सेवन करें। इस तरह आपको एसिडिटी से आराम मिलेगा।
सवाल: मेरी उम्र 55 साल है। मुझे डायबिटीज है। चाय में चीनी की जगह शुगर फ्री लेता हूं। इसके अलावा और नेचुरल ऑप्शन क्या हो सकते हैं? मैं कौन से फल खा सकता हूं?
-रामप्रकाश, रोहतक
जवाब: सबसे पहले आप चाय में शुगर फ्री डालना बंद कर दें। इसके अलावा आप और मीठा लेना चाह रहे हैं तो स्टीविया ले सकते हैं या शहद का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। लेकिन यह आपके शुगर लेबल पर निर्भर करेगा। फलों में आप संतरा, पपीता, अमरूद और सेब खा सकते हैं। सबसे जरूरी चीज है कि आप डेली वॉक करें। सुबह और शाम 30-30 मिनट वॉक जरूर करें।
प्रस्तुति-रिचा पांडे
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS