सफलता पाने के लिए इन बातों का रखें खास ख्याल, जानें Successful Personalities के सक्सेस मंत्र

सफलता पाने के लिए इन बातों का रखें खास ख्याल, जानें Successful Personalities के सक्सेस मंत्र
X
Success Tips: सफलता की चाह तो सभी करते हैं लेकिन सफल होता वही है, जो इसके लिए जरूरी गुणों को अपने व्यक्तित्व में शामिल करता है। अलग-अलग क्षेत्र में शीर्ष पर पहुंचीं कुछ महिलाओं ने उन गुणों और सफलता के सूत्रों के बारे में बताया है। इन्हें अपनाकर आप भी सफल हो सकती हैं, समाज में मान-सम्मान पा सकती हैं।

Success Tips: हर महिला अपने जीवन में सफल (Successful) होना चाहती है, खुद को सबल बनाना चाहती है और देश-समाज में सम्मान पाना चाहती है। ये सब हासिल करना बहुत कठिन नहीं है। लेकिन इसके लिए आपमें कुछ खास गुणों का होना जरूरी है। कौन-सी हैं वो खासियतें और कैसे करें अपने व्यक्तित्व में उन्हें शामिल, इसे आप कुछ प्रसिद्ध-सफल महिला हस्तियों (Successful Female Personalities) द्वारा बताए गए सूत्रों से सीख सकती हैं।

अपने लिए चुनें अलग राह

दूसरों के पीछे चलने या दूसरों की तरह किसी काम को करने की चाह रखने का मतलब है कि भीड़ में शामिल होना। ऐसे में आपकी अलग पहचान कभी नहीं बन पाएगी। ऐसा मानने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) का कहना है, 'आपको अपनी तरक्की के रास्ते खुद तैयार करने चाहिए और अपनी एक अलग छवि बनानी चाहिए।' हालांकि नई राह पर चलना जरा कठिन होता है। लेकिन जीवन में मनचाहा-शानदार मुकाम हासिल करना है, सफलता के शिखर पर पहुंचना है तो मुश्किलों का सामना तो करना ही पड़ेगा, कुछ अलग तो करना ही होगा।

असफलता से ना डरें

जब भी कोई महिला कोई नया या बड़ा काम करना चाहती है या लीक से हटकर अपने लिए करियर चुनना चाहती है तो अकसर उसे असफलता का डर सताता है। असफल होने पर दूसरों के द्वारा अपना मजाक उड़ाए जाने से भी वह डरती है। ऐसी सोच को गलत मानने वाली पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barak Obama) की पत्नी और लेखिका मिशेल ओबामा (Michelle Obama) कहती हैं, 'असफल होने से बिल्कुल ना डरें। नए काम और नई राहें जरूर ट्राई करें। ध्यान रखें कि संदेह और डर आपको कभी आगे नहीं बढ़ने देंगे। जरूरत पड़े तो उस क्षेत्र के अनुभवी लोगों से मदद लें फिर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने काम में जुट जाएं।' मिशेल के कहने का सार यही है कि पूरे लगन-विश्वास के साथ अपने हर काम की शुरुआत करें। असफलता के बारे में पहले ही सोचकर उस काम को करने से डरे नहीं। अपनी गलतियों से सीख लेती रहें और खुद को बेहतर बनाने की राह पर बढ़ती जाएं।

स्वयं को करें मोटिवेट

मनचाही सफलता हासिल करने के लिए सेल्फ मोटिवेशन सबसे जरूरी है। इस दुनिया में कोई भी दूसरा व्यक्ति आपकी बेहतरी के लिए आपको प्रेरित नहीं कर सकता है, जितना आप स्वयं को कर सकती हैं। ऐसा अमेरिकी वकील, लेखक और मोटिवेशनल स्पीकर मेलानी रॉबिंस (Melanie Robbins) का मानना है। अगर आप प्रेरणा और समर्थन के लिए दूसरों के इंतजार में रहेंगी तो याद रखें, वो दिन शायद ही कभी आएगा। इस बारे में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और बिजनेस वुमेन इवांका ट्रंप कहती हैं, 'ज्यादा ना सोचें, सही समय या प्रेरक व्यक्ति का इंतजार ना करें, आगे बढ़ें और काम करना शुरू करें। सफलता आपके कदम चूमेगी।'

वही करें जो मन कहे

इनट्यूशंस (सहज बोध या मन की आवाज) में बड़ी ताकत होती है। इसकी बदौलत आपको अपनी प्रतिभा, स्किल और क्षमताओं का बिल्कुल सही अंदाजा हो जाता है। इसलिए जब भी आपका मन आपसे कुछ करने को कहे, उसे दृढ़ निश्चय के साथ करने के लिए तैयार हो जाएं। इस बारे में अमेरिकी एक्ट्रेस-राइटर ओपरा विनफ्रे (Oprah Winfrey) कहती हैं, 'हम जैसा विश्वास करते हैं और जैसा मानते हैं, वैसे ही बन जाते हैं। इसलिए खुद पर यकीन करें और अपने अंतर्मन की सुनें।'

सही संगत में रहें

कहते हैं कि इंसान वैसा ही होता है, जैसी उसकी संगति होती है। हम जिस तरह के लोगों के साथ रहते हैं, वैसा ही हमारा सोचने का और काम करने का अंदाज हो जाता है। यू-ट्यूबर और एक्ट्रेस प्राजक्ता कोली (Prajakta Koli) ने अपने एक वीडियो में कहा है, 'हमेशा उन्हीं लोगों के साथ रहें, जो आपका और आपके सपनों का सम्मान करते हैं, सकारात्मक सोच रखते हैं।' अगर आप सफल होना चाहती हैं तो बहुत जरूरी है कि आप सही संगत में रहें। ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द रहें, जो आपके सपनों का सम्मान करते हैं। साथ ही वे भी खुद अपने निजी जीवन में कुछ हासिल करना चाहते हैं।

दूसरों की मदद भी करें

कमजोर, असहाय और जरूरतमंद की मदद करने से सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ती है। साथ ही आत्मविश्वास भी प्रबल होता है। इससे आपके लिए आगे बढ़ने की राह आसान होती है। इससे आप अपनी राह पर दोगुने उत्साह, ऊर्जा और जोश से आगे बढ़ सकती हैं। इस तरह जो कमजोर हैं, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए दूसरों के सहारे की जरूरत है, उनकी मदद करके भी आप सफलता की ओर अग्रसर हो सकती हैं। मशहूर बिजनेस एग्जीक्यूटिव इंदिरा नूई (Indra Nooyi) और लेखिका जे.के. रॉलिंग (J.K. Rowling) भी मानती हैं कि त्याग, दया, सहानुभूति और मदद करने की प्रवृत्ति, महिलाओं को सफल बनाने में उपयोगी है।

लेखक- शिखर चंद जैन (Shikhar Chand Jain)

Tags

Next Story