Dal Makhani: घर पर नहीं हैं प्याज और लहसुन तो बनाएं ये रेसिपी, जानिए आसान विधि

Dal Makhani: घर पर नहीं हैं प्याज और लहसुन तो बनाएं ये रेसिपी, जानिए आसान विधि
X
Dal Makhani: हमलोग अक्सर खाने में कुछ अलग बनाने के बारे में सोचते हैं, ताकि घर के लोग खाना खाने से मना न करें। दिक्कत तो तब ज्यादा आती है, जब घर पर सात्विक भोजन बनाना हो, यानी बिना प्याज और लहसुन के। तो आज इस आर्टिकल के माध्यम से जानिए बिना प्याज लहसुन के दाल मखनी कैसे बनाएं।

Dal Makhani Recipe: रक्षाबंधन त्योहार की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। त्योहार के आने में मात्र कुछ दिनों का वक्त बचा हुआ है। इस दिन को लेकर लोग अलग-अलग तरह के पकवान के बनाने की तैयारी करते हैं। भारतीय संस्कृति में कई लोग बिना लहसुन-प्याज के खाना खाना और बनाना पसंद करते हैं। कई बार हमारे यहां कुछ मेहमान ऐसे आ जाते हैं, जो सात्विक भोजन करना पसंद करते हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक डिश के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आप आसानी से बनाकर सर्व कर सकते हैं। यह डिश बिना प्याज, लहसुन के भी इतना स्वादिष्ट बनेगा कि लोग आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे। देखिए, इस रक्षाबंधन सात्विक भोजन के रूप में बिना प्याज लहसुन के दाल मखनी बनाने की विधि...

जानिए दाल मखनी का नाम दाल मखनी क्यों पड़ा

दाल मखनी के नाम के पीछे एक कहानी है। इस डिश को सर्व करने से पहले लगभग एक से डेढ़ घंटे तक इसे आंच पर पकाया जाता है। जब इस डिश को लो फ्लेम पर पकाया जाता है तो इसके ऊपर मक्खन की तरह एक मलाईदार लेयर बन जाती है इसलिए इस डिश का नाम दाल मखनी पड़ा।

दाल मखनी बनाने के लिए सामग्री

200 ग्राम काली उड़द दाल

50 ग्राम राजमा

4 मध्यम आकार के टमाटर

2–3 हरी मिर्च

1 चम्मच कश्मीरी मिर्च पाउडर (रंग के लिए)

1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 बड़ी इलाइची (भूरी इलायची)

1/2 छोटा चम्मच जीरा

1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी (सूखे मेथी के पत्ते)

1 चम्मच गरम मसाला

2 बड़े चम्मच हरा धनिया

4 बड़े चम्मच घी

100 ग्राम अमूल मक्खन

100 मिली ताजा क्रीम

नमक स्वाद अनुसार

बिना प्याज लहसुन के दाल मखनी बनाने की विधि

दाल मखनी को बनाने के लिए सबसे पहले उड़द दाल और राजमा को धोकर रात भर पानी में डालकर फूलने के लिए छोड़ दीजिए। अगर आप ने पहले से इसे बनाने के बारे में नहीं सोचा है तो इस बनाने से लगभग 1-2 घंटे पहले गर्म पानी में डालकर भिंगो दें।

अगले दिन यानी सुबह पानी से निकाल कर दाल और राजमा को प्रेशर कुकर में डालकर कर एक 1 बड़ी इलाइची, नमक और पानी डालकर पकने के लिए रख दें।

7-8 सीटी आने तक इसे पकाएं और फिर लो फ्लेम पर इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें।

इस बात का ध्यान दें कि कुकर से निकालने के बाद दाल इतनी पक जाए कि छूने में नरम लगे।

पकने के बाद अब टमाटर और हरी मिर्च की बारीक पेस्ट बना लें।

कड़ाही या गहरे पैन में तेल या घी डालकर गर्म करें।

गर्म होने के बाद इसमें जीरा डालें, जीरा के पकने के बाद इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर कुछ सेकेंड के लिए चलाते हुए पकाएं।

उसके बाद इसमें टमाटर की प्यूरी डालकर पकाएं। यह ध्यान रखें कि कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर जले नहीं।

प्यूरी को तब तक पकने दें, जब तक किनारों से घी अलग न होने लगे।

अब इसमें गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और दाल डालें।

इसे अच्छे से मिलाएं, जब तक सारी प्यूरी और दाल अच्छे से मिक्स न हो जाए। दाल को मिलाते समय कलछी के पिछले हिस्से से इसे मसलें, ताकि दाल को क्रीमी टेक्सचर मिले।

लो फ्लेम कर इसमें 50 ग्राम मक्खन डालकर इसे पिघलने दें। फिर पैन को ढक्कन से ढककर धीमी आंच पर 20-25 मिनट पकने के लिए छोड़ दें।

दाल को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दाल बर्तन की तली में न लगे।

अगर दाल ज्यादा गाढ़ी है तो 1/2 कप गर्म पानी डाल दीजिये। इस बात का खास ख्याल रखें कि अगर आप पानी मिक्स कर रहें है तो वह पानी गर्म हो।

इसके बाद कुचली हुई कसूरी मेथी डालें और बचा हुआ मक्खन डालकर इसे पिघलने के लिए छोड़ दें।

पैन को फिर से ढक दें और दाल को 15-20 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में कलछी के पिछले हिस्से से दाल को मसलते हुए चलाते रहें। जब दाल का रंग मलाईदार लाल हो जाए, तब गैस को बंद कर दें।

अब दाल में क्रीम डालकर अच्छी तरह मिलाएं। क्रीम डालने के बाद दाल को न पकाएं।

अब आपकी दाल मखनी बनकर तैयार है। इसे सर्विंग बाउल में निकालकर इसमें कटी हुई हरी धनिया मिलाएं।

Also Read: लंच में नहीं समझ आ रहा कोई डिश, तो झटपट बनाएं गोभी पेपर फ्राई

Tags

Next Story