Health Quest: यहां पढ़ें हीमोग्लोबिन की कमी से लेकर स्टमक फ्लू तक का इलाज, जानें कब्ज को लेकर एक्सपर्ट्स की राय

Health Quest: यहां पढ़ें हीमोग्लोबिन की कमी से लेकर स्टमक फ्लू तक का इलाज, जानें कब्ज को लेकर एक्सपर्ट्स की राय
X
आजकल लोगों के बिगड़ते लाइफस्टाइल (Lifestyle) और खानपान (Food Habits) का असर उनके शरीर पर नजर आने लगता है। हर इंसान किसी न किसी शारीरिक समस्या से परेशान होता ही है।

आजकल लोगों के बिगड़ते लाइफस्टाइल (Lifestyle) और खानपान (Bad Eating Habits) का असर उनके शरीर पर नजर आने लगता है। हर इंसान किसी न किसी शारीरिक समस्या (Physical Problems) से परेशान होता ही है, किसी व्यक्ति में हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) की कमी होती है तो कोई पैट से संबंधित परेशानियों (Stomach Problems) से जूझ रहा होता है। हम किसी न किसी तरह की आम सी परेशानी का सामना कर ही रहे होते हैं, यही कारण है कि हमारे पाठकों के कुछ रोजमर्रा की परेशानियों से जुड़े सवालों का जवाब सीनियर फिजिशियन, एनसीआर डॉ. आर.पी. सिंह ने दिया है।

सवाल: मेरी उम्र 32 वर्ष है। मेरे हीमोग्लोबिन का स्तर 10 ग्राम डीएल है। इसके स्तर को सामान्य करने के लिए मुझे क्या करना चाहिए, कृपया बताएं?

-अवनीश, रायपुर

जवाब: आपके एचबी का लेवल कम है, इसलिए आपको खान-पान में ध्यान देने की जरूरत है। आपको अधिक मात्रा में आयरनरिच डाइट लेनी चाहिए। इसके लिए आप हरे पत्ते वाली सब्जियां खाएं। साथ ही आप कुछ आयरन की टेबलेट भी ले सकते हैं, लेकिन इससे पहले आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। वे आपको टेबलेट के लिए प्रेसक्राइब करेंगे।

सवाल: मेरी उम्र 55 साल है। मुझे डायबिटीज है। चाय में चीनी की जगह शुगर फ्री लेता हूं। इसके अलावा और नेचुरल ऑप्शन क्या हो सकते हैं? मैं कौन से फल खा सकता हूं?

-मिहिरचंद, दिल्ली

जवाब: सबसे पहले आप चाय में शुगर फ्री डालना बंद कर दें। अगर मीठा लेना चाह रहे हैं तो स्टीविया ले सकते हैं या शहद का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। लेकिन यह आपके शुगर लेबल पर निर्भर करेगा। फलों में आप संतरा, पपीता, अमरूद और सेब खा सकते हैं। सबसे जरूरी चीज है कि आप डेली वॉक करें। सुबह और शाम 30-30 मिनट वॉक जरूर करें।

सवाल: मेरी उम्र 64 वर्ष है। मुझे कुछ महीनों से कब्ज की दिक्कत है। कृपया बताएं मुझे डाइट में क्या लेना चाहिए, जिससे इस समस्या से उबर सकूं?

-संजीव, जबलपुर

जवाब: कब्ज की समस्या का मतलब आपकी पाचन क्रिया प्रभावित है, इससे खाना ठीक से डाइजेस्ट नहीं हो पा रहा है। आपको अपना डाइट प्लान बनाना पड़ेगा और उसी के अनुसार खाना लेना चाहिए। आपको सुबह नाश्ते में दलिया लेना चाहिए, दोपहर में खाने के साथ सलाद लेना चाहिए और रात में भी हल्का खाना खाएं। अधिक तेल वाला और तला-भुना खाना खाने से बचना चाहिए। नियमित रूप में आपको एक मौसमी फल खाना चाहिए, इससे आपको आराम मिलेगा।

सवाल: मेरी उम्र 43 साल है। कुछ दिन पहले टेस्ट करवाने पर पता चला कि मुझे स्टमक फ्लू हुआ है। यह क्या है और अब मुझे क्या करना चाहिए?

-प्रीतम पाल, रोहतक

जवाब: यह समस्या अगर हाल-फिलहाल में शुरू हुई है तो आप इस पर गौर करें कि आपके खान-पान में क्या कोई बदलाव हुआ है? फिलहाल आप दोपहर के खाने में दही और सलाद खाना शुरू करें। रात में हल्का खाना खाएं। अधिक परेशानी होने पर आप गैस्ट्रोलॉजिस्ट से संपर्क करें।

सवाल: मेरी उम्र 56 वर्ष है। पिछले कुछ दिनों से मेरे हाथ अकसर बहुत तेज कांपने लगते हैं। मेरे परिवार में तो किसी को ऐसी समस्या नहीं थी। ऐसा क्यों हो रहा है कृपया बताएं?

-जीवनलाल, भोपाल

जवाब: यह बीमारी पार्किंसन कहलाती है, जिसमें हाथ कांपने की समस्या होती है। हालांकि यह बीमारी आनुवांशिक होती है। आप बता रहे हैं कि आपके परिवार में किसी को नहीं है। हो सकता है कि किसी को रही हो, लेकिन उसका इतना असर ना रहा हो। आपको एक बार न्यूरो फिजिशियन से संपर्क करना चाहिए। जांच करने के बाद वो आपको कुछ उपचार बताएंगे।

सवाल: मेरी उम्र 39 साल है। बारिश के मौसम में अकसर पैरों के तलवों में बहुत तेज खुजली होने लगती है। ऐसा क्यों होता है, मुझे क्या करना चाहिए, कृपया बताएं?

-नवीन, कांकेर

जवाब: आपकी समस्या सुनकर ऐसा लग रहा है कि आपको एलर्जी होती होगी। बरसात होने पर पैरों में नमी आ जाती है और मॉयश्चर के कारण खुजली होती होगी। आप कोशिश करें कि अपने पैर बिल्कुल सूखे रखें। बाहर से आने के बाद पैरों को साबुन से धोएं और तौलिए से पोछें। बाद में पैरों में क्रीम या नारियल का तेल नियमित रूप में लगाएं। इससे आपको आराम मिलेगा।

प्रस्तुति-रिचा पांडे

Tags

Next Story