Hartalika Teej 2019 : हरतालिका तीज पर इन तरीकों से वैवाहिक जीवन को बनाएं खुशहाल

Hartalika Teej 2019 : हमारे देश-समाज में पति-पत्नी के रिश्ते को बहुत महत्व दिया जाता है। इस अनोखे रिश्ते की अहमियत को हमारे कई व्रत, तीज-त्योहार भी समर्पित हैं। हरतालिका तीज भी दांपत्य जीवन की मंगलकामना के लिए किया जाने वाला व्रत-पर्व है। आज के समय में तो यह त्योहार और भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि बदलते समय के साथ पति-पत्नी के रिश्ते की मधुरता कहीं खो गई है।
विश्वास की डोर पर टिके दांपत्य जीवन में कलह की खबरें अकसर सुनने को मिलती हैं। दांपत्य जीवन की कलह से पूरा परिवार ही बिखरने लगता है। ऐसे में जरूरी है कि इस रिश्ते की मधुरता को बरकरार रखा जाए। इस बार हरतालिका तीज से आप अपने रिश्ते की मधुरता को बनाए रखने के लिए कुछ छोटी-छोटी बातों पर अमल में लाना शुरू करें। जल्दी ही आपको महसूस होगा कि रिश्ता खुशहाल, मधुर होता जा रहा है।
मिलकर मनाएं खुशियां
इस बार एक सितंबर को हरतालिका तीज है और इस दिन रविवार भी है तो पति-पत्नी दोनों इस त्योहार को मिलकर मनाएं। पति भी पत्नी के साथ व्रत रख सकते हैं। अगर व्रत न भी करें तो कोई बात नहीं। घर के कामों में पत्नी की मदद करें। उसके लिए कोई उपहार लाएं। आप भी इसी तरह अपने पति के लिए उपहार ला सकती हैं। इस तरह एक-साथ मिलकर खुशियां मनाने से रिश्ते में मधुरता आएगी। इसके अलावा जीवन में आपके साथी का महत्व कितना है, यह जरूर बताएं, इससे एक-दूसरे के लिए समर्पण और प्यार बढ़ेगा।
जाहिर करें प्यार
पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार और विश्वास सबसे जरूरी होता है। कहा जाता है कि पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास की डोर से बंधा होता है। अगर यह विश्वास कम हुआ तो डोर टूट सकती है। अगर आप चाहती हैं कि आपके दांपत्य की डोर मजबूत रहे तो इसके लिए पति-पत्नी के बीच प्यार और विश्वास बहुत जरूरी है। एक-दूसरे पर पूरा विश्वास रखें, कोई कुछ भी कहे आपको अपने रिश्ते पर अटूट भरोसा होना चाहिए। साथ ही आप दोनों अपने प्यार का इजहार भी एक-दूसरे से समय-समय पर करते रहें। इससे रिश्ता दिनों-दिन मजबूत होता चला जाएगा।
सम्मान का महत्व जानें
किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि आप उस रिश्ते को पूरा सम्मान दें। पति-पत्नी के रिश्ते में यह बात ज्यादा लागू होती है। याद रखें कि पति-पत्नी एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं। एक पहिया भी लड़खड़ाया तो जीवन की गाड़ी पटरी से उतर आएगी। इसलिए हमेशा एक-दूसरे को पूरा सम्मान दें। अकेले में ही नहीं पूरी दुनिया के सामने भी पति या पत्नी के लिए सम्मान सूचक शब्दों का इस्तेमाल करें, उसकी बात को तरजीह दें। इससे आपके बीच एक-दूसरे के लिए सम्मान का भाव बढ़ेगा, जो आपके दांपत्य की गाड़ी को पटरी से नहीं उतरने देगा।
गुस्से से रहें दूर
पति-पत्नी के रिश्ते में अगर गुस्से ने अपनी जगह बना ली है तो इस रिश्ते को टूटने में समय नहीं लगेगा। गुस्से में इंसान अपने विवेक को खो बैठता है और वह ऐसे शब्द बोल देता है, जो किसी भी रिश्ते के लिए घातक साबित हो सकते हैं। अगर आप बात-बात पर गुस्सा करते या करती हैं तो इस गुस्से को त्याग दें। गुस्से में आप एक बात कहेंगी और आपका साथी दो बात। इससे रिश्ता बिगड़ता चला जाएगा। माना घर में अगर कोई बात हो रही है, जो आपको पसंद नहीं है तो गुस्से से नहीं बल्कि शांति से अपना मत रखें। आप देखेंगी कि क्रोध या अहं को छोड़कर शांति से आप बात रखेंगी, तो जीवनसाथी आपकी बात को अहमियत देगा और आपके रिश्ते में कलह नहीं होगी।
एक-दूसरे को दें समय
आज के समय में ज्यादातर पति-पत्नी दोनों काम-काजी होते हैं, ऐसे में एक-दूसरे के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। कई बार रिश्तों में कलह का कारण एक-दूसरे को समय न दे पाना है। भरपूर समय न दे पाने के कारण रिश्ता नीरस होने लगता है। ऐसे में अपने दांपत्य जीवन को खुशहाल बनाए रखने के लिए जरूरी है कि एक-दूसरे को समय दें। अपने काम को अपने रिश्ते की मधुरता के बीच न आने दें। इसके लिए कभी सरप्राइज गिफ्ट प्लान करें, वीकेंड पर कहीं घूमने जाएं। एक-दूसरे के साथ प्यार भरे पल बिताएं। इससे रिश्ते की नीरसता खोने लगेगी और आपका रिश्ता और मजबूत होता जाएगा।
लेखिका - ऋतु सक्सेन
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS