बरसात के मौसम को और भी बनाएं रोमेंटिक, पार्टनर को करीब लाने के लिए फॉलो करें ये टिप्स

बारिश के मौसम में अपने आस-पास प्रकृति पर जहां भी नजर उठती है, हर तरफ हरियाली नजर आती है। हर से गीलेपन की एक भीनी खुशबू हमारे पूरे दिलो-दिमाग में छाई रहती है। झींगुरों की झीं-झीं, पत्तों-टहनियों से टपकती पानी की बूंदें दिल में एक संगीत घोल देती हैं। प्रकृति के ऐसे सलोने सौंदर्य को देखकर बरबस ही अंतस में प्रेम की तरंगे फूटने लगती हैं, कोई मीठा-सा अहसास मन में अंगड़ाई लेने लगता है। ऐसे में आप भी थोड़ा रिलैक्स हों, अपने चारों तरफ फैली थोड़ी खुशी बटोरें और अपने साथी के साथ खूबसूरत पल बिताएं।
दिल में जगाएं प्यार
मानसून की रिमझिम-रिमझिम फुहारों में अपने साथी के नजदीक जाएं, उसे छेड़ें, उसके साथ मस्ती के खेल खेलें, फिर देखे कैसे बारिश में वो भी आपके संग प्यार के रंग में रंग जाते हैं। असल में प्यार की ख्वाहिश को सिर्फ दिल में जगाने की जरूरत होती है। प्यार हमेशा दिल की अतल गहराइयों में लहराता रहता है, बस इसे छेड़ने की जरूरत होती है। तो क्यों न सावन की इन फुहारों के बीच आप भी अपने मुरझाएपन को दूर करें। प्यार से चेहरे में रौनक भर जाएगी। ऐसा दुनिया भर के तमाम शोध अध्ययन भी कहते हैं।
करें मीठी बातें
सावन का नशीला मौसम वास्तव में प्यार का ही मौसम होता है। बस मन में सोए हुए प्यार को थोड़ा जगाने की जरूरत पड़ती है, इसका कोई भी तरीका हो सकता है। अपने जानू से मीठी-मीठी बातें करिए और कान के पास मुंह को ले जाकर सनसनी घोल दीजिए। उनके साथ छत पर या आंगन में छई-छप्पा-छई खेलिए, बेडरूम की खिड़की से दूर क्षितिज को देखिए और रंगीन धुएं के आगोश में खो जाइए। यकीन मानिए, सावन की बूंदें आप दोनों के मन में नई ऊर्जा का संचार कर देंगी।
न चूकिए यह मौका
याद रखें, ऐसे भीगे-भीगे पल और मन की उमंगें जिंदगी में दोबारा लौटकर नहीं आतीं। इसलिए कुदरत ने मानसून का जो तोहफा दिया है, उसे भरपूर एंज्वॉय कीजिए। वीकेंड को रोमांटिक बनाइए, भीगने के डर से घर में मत दुबके रहिए। बारिश की मदहोश करने वाली बौछारों में साथी को एक प्यारा-सा स्पर्श तन-मन को तरोताजा करने के लिए काफी होता है। यकीन मानिए यह महज शाब्दिक कल्पना नहीं है बल्कि हकीकत है कि मानसून के मौसम में काली घिरी घटाओं और रिमझिम-रिमझिम फुहारों के दौरान साथी के साथ बिताए पल, जीवन के सबसे यादगार पल होते हैं। इसलिए मानसून के इस तोहफे से खुद को वंचित मत कीजिए।
Also Read: जलन से भरी होती हैं इन राशियों की लड़कियां, कहीं आपकी तो ये राशि नहीं
माहौल बनाएं रोमांटिक
बारिश के रोमांच को मन से महसूस करने के लिए माहौल भी रोमांटिक होना चाहिए। लेकिन इसके लिए बहुत पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। फाइव स्टार होटल में छुट्टियां बिताई जाए, इसकी भी जरूरत नहीं होती है। बस घर की थोड़ी सेटिंग अलग बनाइए। छुट्टी वाले दिन फोन कॉल्स, व्हाट्सअप, लैपटॉप को एक तरफ रख दें और इन पलों को केवल प्यार और अपने साथी के नाम कर दीजिए। इससे आपका मूड खुद-ब-खुद प्यार से भीग जाएगा। आगे आप चाहेंगी तो प्यार भरे खूबसूरत पल से सराबोर हो जाएंगी। जरा सोचिए, मानसून का मौसम हो, छुट्टी का दिन हो, खिड़की के बाहर रिमझिम बारिश हो रही हो, घटाएं दिन में भी शाम का धुंधलका भर रही हों, प्यार के लिए भला इससे नशीला और मौसम क्या हो सकता है! तो फिर सोचना क्या, साथी के आगोश में गुलाब-सी खिल जाइए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS