Republic Day 2023:राजधानी दिल्ली समेत यहां भी होती है हर साल गणतंत्र दिवस की परेड, मुंबई और लखनऊ की Parade है खास

Republic Day Parade Is Also Held In These States: भारत (India) में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस (Republic Day 2023) के रूप में मनाया जाता है। इस दिन हर साल देश की राजधानी दिल्ली में भव्य रिपब्लिक डे परेड का आयोजन होता है। गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की ताकत, विकास, सांस्कृतिक विरासत के नमूने को परेड के माध्यम से पूरी दुनिया को दिखाया जाता है। जिसे देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से फूल जाता है।
इस परेड में शामिल होने वाला हर इंसान खुद पर फक्र महसूस करता है कि वो भारत की उस मिटटी का निवासी है। जिसे अंग्रेजों की गुलामी से बचाने के लिए भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और मंगल पांडेय जैसे वीर योद्धाओं ने अपनी जान की परवाह नहीं की। गणतंत्र दिवस की इस परेड में भारत की तीनों सेनाएं जल, वायु और थल सेना भाग लेती हैं। इसके साथ ही मिलिट्री परेड होती है, अलग-अलग मंत्रालयों के विभाग भी इस परेड में शामिल होते हैं।
दिल्ली के अलावा देश के कई राज्यों में होती है परेड
भारत की संस्कृति को दुनिया के सामने खूबसूरती के साथ पेश करते हुए स्कूली बच्चे और अलग-अलग राज्यों की झांकियां भी इस परेड में शामिल होती हैं। ये तो हुई दिल्ली की उस परेड की बात जिसे आप गणतंत्र दिवस के दिन सुबह अपने टीवी पर देखते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि गणतंत्र दिवस के दिन देश के और भी राज्यों में परेड का आयोजन किया जाता है। मुंबई और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने वाली परेड भी बहुत खास होती है। तो चलिए देखते हैं दिल्ली के अलावा देश के किन हिस्सों में गणतंत्र दिवस की परेड का आयोजन होता है?
मुंबई के मरीन ड्राईव पर होती है परेड
मुंबई (Mumbai) के मरीन ड्राइव (Marine Drive) में पहली बार साल 2014 में गणतंत्र दिवस की भव्य परेड का आयोजन किया गया था। जिसमें भारतीय नौसेना का मार्चिंग दस्ता शामिल हुआ। साथ ही अरब सागर में कोस्ट गार्ड भी परेड में शामिल हुए। इसके साथ ही भारतीय नौसेना, मुंबई पुलिस और कोस्ट गार्ड ने मिलकर इस परेड को भव्य बनाने का काम किया। वैसे हर साल मुंबई के शिवाजी पार्क में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन होता है।
लखनऊ में भी होती है रिपब्लिक डे की परेड
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी और नवाबों के शहर लखनऊ (Lucknow) में गणतंत्र दिवस की परेड का आयोजन साल 1979 से शुरू हुआ था। उस वक्त इस परेड को शोभा यात्रा कहा जाता था। लखनऊ में आयोजित इस पहली शोभा यात्रा में दिल्ली की परेड की तरह ही देश की ताकत, सभ्यता, संस्कृति की झलक दिखाई गई। पहले शोभा यात्रा बेगम हजरत महल पार्क से शुरू होकर हजरतगंज, विधानसभा मार्ग, बर्लिंग्टन चौराहे, भातखंडे संगीत महाविद्यालय से होते हुए फिर बेगम हजरत महल पार्क पर आकर खत्म होती थी। लेकिन बाद में इसका मार्ग बदल दिया गया था।
कोलकाता में भी होता है भव्य परेड का आयोजन
कोलकाता (Kolkata) के रेड रोड पर हर साल गणतंत्र दिवस की परेड का आयोजन होता है। कोलकाता में समारोह की शुरुआत रेड रोड परेड में कई तरह के कार्यक्रमों और परफॉरमेंस के साथ होती है। इसमें कोलकाता पुलिस बल और सशस्त्र बल, मार्च पास्ट अपने खतरनाक स्टंट दिखाते हैं। इस परेड की अध्यक्षता राज्य के राज्यपाल करते हैं। इसके साथ ही कई स्कूलों के छात्र भी इस परेड में संस्कृति का प्रदर्शन करते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS