Health Quest: तेजी से फैलते टोमेटो फ्लू से लेकर खांसी और गले दर्द जैसी आम समस्या तक, जानें क्या है एक्सपर्ट्स की राय

Health Quest: तेजी से फैलते टोमेटो फ्लू से लेकर खांसी और गले दर्द जैसी आम समस्या तक, जानें क्या है एक्सपर्ट्स की राय
X
हेल्थ क्वेस्ट में हमारे पाठकों के रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कुछ आम लेकिन बहुत ही अहम सवालों के जवाब एक्सपर्ट ने दिए हैं, पढ़ें खबर।

Health Quest : आजकल के समय में हम अपने खानपान से लेकर अपनी सेहत तक का ख्याल अच्छी तरह से नहीं कर पाते हैं, भागती- दौड़ती जिंदगी में हमें अपने आपको फिट रखने का समय ही नहीं मिल पता है। यही कारण है कि बदलते मौसम के साथ हमारी तबियत का मिजाज भी बदलने लगता है। आज कि इस खबर में हम आपको टोमेटो फ्लू जैसी गंभीर बीमारी से लेकर खांसी और गले में दर्द होने जैसी छोटी समस्याओं के बारे में एक्सपर्ट्स की राय और इनसे बचने के इलाज के बारे में बताएंगे। हम अपने हेल्थ क्वेस्ट के इस सीजन में लेकर आए हैं कुछ आम से लेकिन बहुत अहम सवाल, हमारे पाठकों के इन सवालों के जवाब एनसीआर के सीनियर फिजिशियन डॉ. आर.पी. सिंह (Dr. R. P. Singh) ने दिए हैं।

सवाल: मेरी उम्र 43 वर्ष है। कुछ दिनों से मेरे गले में सूजन है। इसके अलावा खांसी, निगलने और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। मुझे क्या करना चाहिए?

- मुकुंद, दिल्ली

जवाब: मौजूदा मौसम में इस तरह की बीमारी काफी ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। इससे बचने और राहत के लिए आप गुनगुना पानी पिएं और गरारा करें। इसके साथ ही सुबह-शाम भाप लें, अधिक खांसी आने पर आप डॉक्टर से संपर्क कर कोई सिरप ले सकते हैं।

सवाल: मेरे बेटे की उम्र छह साल है। इन दिनों छोटे बच्चों को टोमेटो फ्लू होने की खबरें आ रही हैं। यह कैसी बीमारी है और कितनी खतरनाक है? इससे बचाव के उपायों के बारे में बताएं?

-विपुल, रायपुर

जवाब: टेमेटो फ्लू अधिकतर 10 साल से कम उम्र के बच्चों को अपनी चपेट में ले रहा है। खासकर जिनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। इससे बचाव के लिए बच्चे की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ानी चाहिए। मसलन, बच्चों को विटामिन सी वाले फल यानी खट्टे फल देने चाहिए, जिससे उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। अगर बच्चा बीमारी की चपेट में आ जाए तो उसे पानी का सेवन अधिक करवाना चाहिए। इसमें कई बार शरीर में फफोले भी पड़ जाते हैं। फफोलों को हाथ से नहीं छूना चाहिए, उनको कॉटन से साफ करना चाहिए। फीवर आने पर डॉक्टर से पूछकर दवा देनी चाहिए।

सवाल: मेरी उम्र 36 वर्ष है। कुछ दिनों से कानों में सीटी की आवाज गूंजती है और चक्कर आते हैं। ऐसा क्यों हो रहा है, कृपया मेरी समस्या का समाधान बताएं?

-अभिनव, बिलासपुर

जवाब: क्या हाल-फिलहाल में कोई तेज आवाज वाला धमाका आपके आस-पास हुआ है, क्योंकि ऐसी समस्या दिवाली के आस-पास लोगों को होती है, जब पटाखों की आवाज से कान के परदे डैमेज हो जाते हैं। अगर ऐसा नहीं है तो आपको एक बार ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। जांच करने के बाद ही कारण पता चलेगा और उपचार किया जा सकेगा। आप बगैर जांच कराए कोई भी उपचार ना करें।

सवाल: मेरी उम्र 71 वर्ष है। करीब दो महीने से मुझे ठीक से भूख नहीं लगती है। थोड़ा-बहुत खा लेता हूं। अब कमजोरी महसूस होने लगी है। कृपया बताएं मुझे क्या करना चाहिए?

-अमरनाथ, भोपाल

जवाब: क्या आपको हल्का-हल्का फीवर रहता है। सबसे पहले आप खून की जांच कराएं, जिससे पता चलेगा कि संक्रमण तो नहीं हैं। साथ ही एक बार टीबी की जांच भी करवाएं। क्योंकि उसमें भी हल्का फीवर रहता है और मरीज को भूख कम लगने लगती है। इसलिए आप जांच करवाएं और रिपोर्ट लेकर डॉक्टर से संपर्क करें। उसके बाद ही ट्रीटमेंट शुरू होगा।

सवाल: मेरी उम्र 47 साल है। मेरी नजर ठीक है लेकिन अकसर सिरदर्द होता रहता है। इसकी क्या वजह हो सकती है? इससे राहत पाने का प्लीज कोई तरीका बताएं।

-उमेश, करनाल

जवाब: सिर में दर्द के कई कारण होते हैं। सबसे पहला तो नजर कमजोर होना है। लेकिन आप बता रहे हैं कि आपकी नजर ठीक है यानी आपने जांच कराई होगी। दूसरा माइग्रेन की वजह से भी आजकल सिर दर्द होता है। इसके लिए आपको सिर दर्द के कारण ढूंढ़ने पड़ेंगे। मसलन, कुछ लोगों को धूप में, कुछ लोगों को बाहर निकलने पर, कुछ लोगों को नींद पूरी ना होने जैसे कारणों से सिर दर्द शुरू होता है। आपको सिर दर्द के कारण ढूंढ़ कर उन कारणों से बचना होगा। अधिक परेशानी हो रही हो तो आपको एक बार मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।

प्रस्तुति-रिचा पांडे

Tags

Next Story