बिहार: जदयू विधायक पप्पू पाण्डेय के करीबी को बाइक सवारों ने दिनदहाड़े मारी गोली, गोरखपुर रेफर

बिहार: जदयू विधायक पप्पू पाण्डेय के करीबी को बाइक सवारों ने दिनदहाड़े मारी गोली, गोरखपुर रेफर
X
बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाने के नयागांव तुलसिया में जदयू विधायक अमरेन्द्र पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय के करीबी शख्स को बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार की सुबह गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

जख्मी 65 वर्षीय नागेंद्र तिवारी को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर रेफर किया गया है। घायल नागेंद्र तिवारी के पुत्र रितेश तिवारी जिप अध्यक्ष मुकेश पांडेय के करीबी माने जाते हैं।

जानकारी है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाइक पर सवार दो युवक तुलसिया गांव के नागेंद्र तिवारी के दरवाजे पर पहुंचे व अंधाधुंध गोलीबारी कर फरार हो गए। गोलीबारी के दौरान एक गोली नागेंद्र तिवारी के पैर में लग गई। बाद में परिजनों ने उनको हथुआ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उनको गोरखपुर को रेफर कर दिया गया है।

घायल तिवारी बिहार पुलिस के हवलदार के पद से रिटायर हुए थे। घटना की सूचना पर हथुआ एसडीपीओ अशोक कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।

Tags

Next Story