बिहार चुनाव 2020: जदयू विधायक अशोक ने दी धमकी, कांग्रेस नेता ने लगाई सुरक्षा की गुहार

'सरकार की कमी बताइए तो नहीं बोलेंगे, लेकिन धमकी दोगे तो मुश्किल होगी। पीछे मुड़कर देखोगे तो कोई साथ नहीं होगा। छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। ये बातें बिहार के औरंगाबाद जिला स्थित रफीगंज के जदयू विधायक अशोक कुमार सिंह ने कही। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। विधायक ने धमकी में किसी का नाम नहीं लिया पर इसके बाद उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार सिंह ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। माना जा रहा है कि दोनों इस बार भी विधानसभा चुनाव में आमने-सामने होंगे।
किसी का नाम लिए बिना विधायक ने कहा कि 'वे' सरकार की कमी बताएं, लेकिन हमारे कार्यकर्ता को धमकी नहीं दें। आगे कहा कि हम सबों को जानते हैं। धैयपूर्वक आग्रह करते हैं कि चुनाव लड़ें, स्वागत है। लेकिन छेड़े तो छोड़ेंगे नहीं। अशोक नाम है मेरा, छेड़िएगा तो घूमिएगा नहीं।
विधायक ने जिसे धमकी दी, उसे आश्वस्त भी किया कि उनके लोग उन्हें डिस्टर्व नहीं करेंगे। साथ में यह भी कहा कि अगर संस्कार व संस्कृति गिराएंगे तो भी नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि औरंगाबाद उनकी शान है। औरंगाबाद बिहार का चित्तौड़गढ़ है, इसका सर झुकने नहीं देंगे, चाहे जो भी करना पड़े। हम एक-दूसरे की कमियां बताएं लेकिन जिला का सर झुकेगा तो बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम की भी सराहना की। कहा कि उन्हें अपनी जनता, अपने काम व अपने नेता पर भरोसा है।
विधायक की धमकी सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार सिंह ने डीएम व पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रमोद ने कहा है कि विधायक ने फेसबुक के माध्यम से उन्हें ही धमकाया है। उनकी बढ़ती लोकप्रियता से विधायक घबरा गए हैं और धमका रहे हैं। प्रमोद सिंह ने कहा कि मेरी जान को खतरा है, मुझे सुरक्षा दी जाए।
उधर विधायक अशोक कुमार सिंह ने वीडियो वायरल मामले पर कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है। कुछ लोग उनके क्षेत्र में ओछी राजनीति कर रहे हैं, ऐसे लोगों को चेतावनी दी है। उन्होंने विकास की राजनीति में भरोसा रखने की बात कही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS