बिहार चुनाव 2020 : नित्यानंद राय बोले- एनडीए में ही रहेंगे रामविलास पासवान

बिहार चुनाव 2020 : नित्यानंद राय बोले- एनडीए में ही रहेंगे रामविलास पासवान
X
लाेजपा नेता रामविलास पासवान के कांग्रेस के सम्पर्क में होने की खबरों को नकारते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में एनडीए अटूट है। इसमें कोई विवाद नहीं है। हम साथ-साथ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, 220 से अधिक सीट जीतेंगे।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में एनडीए अटूट है और इसमें कोई विवाद नहीं है। राय पूर्णिया में वर्चुअल रैली को सं‍बोधित कर रहे थे। राय ने कहा कि आगामी विस चुनाव हम सभी मिलकर लड़ेंगे व महागठबंधन को मात देंगे।

राय ने अखिलेश सिंह के राहुल गांधी के साथ विडियो संवाद पर तीखी प्रतिक्रिया भी व्यक्त की जिसमें लाेजपा नेता रामविलास पासवान के कांग्रेस के सम्पर्क में होने का दावा किया गया था। इस दावे के बाद बिहार का सियासी तापमान अचानक बढ़ गया था व कयास लगने लगे थे कि पासवान एनडीए से अलग हो सकते हैं। चिराग पासवान के तेवर से इस आशंका को बल मिला। लेकिन तमाम कयासों को खारिज करते हुए राय ने स्पष्ट कहा कि कोई इस गफलत में न रहे और न ही एनडीए को लेकर गलतफहमी पाले।

राय ने कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव नवम्बर में होने की संभावना है। जदयू और लोजपा से साथ हमारा गठबंधन काफी मजबूत है। हम साथ-साथ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और 220 से अधिक सीट जीतेंगे। राय ने महागठबंधन के नेताओं को एनडीए की जगह अपनी एकजुटता पर ध्यान देने की भी नसीहत दी। नित्यानंद राय ने राजद और लालू प्रसाद यादव पर जयप्रकाश नारायण के साथ धोखा और उनकी विचारधारा के साथ भी छल करने का आरोप लगाया।

Tags

Next Story