बिहार: जदयू व राजद ने कोरोना वायरस से बचाव को लेकर पार्टी कार्यालय कर दिए बंद, वर्चुअल सम्मेलन फिलहाल जारी

दरअसल भाजपा प्रदेश मुख्यालय से जुड़े करीब 75 नेताओं व कार्यकर्ताओं को एक साथ कोरोना संक्रमित होने के बाद सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है। इसे लेकर जदयू के प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन आर्य ने कहा कि जदयू प्रदेश मुख्यालय की सभी गतिविधियां जिले में लॉकडाउन लागू होने के बाद से रोक दी गई हैं। पार्टी का वर्चुअल सम्मेलन भी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह अपने आवास से ही कर रहे हैं। वहां सोशल डिस्टैंसिंग सहित सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि 10 जुलाई को पटना जिले में लॉकडाउन लागू होने के बाद पार्टी कार्यालय को बंद कर दिया गया है। साथ ही राजनीतिक गतिविधियां भी स्थगित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जनता का हित सर्वोपरि है। गगन ने बताया कि पार्टी पहले से ही कोरोना संक्रमण को रोकने का बेहतर उपाय करने की आवाज उठाती रही है।
बता दें कि मंगलवार को बिहार के प्रदेश भाजपा कार्यालय में कोरोना का संक्रमण फैल जाने की पुष्टि हुई। पार्टी के चार राज्य स्तरीय पदाधिकारियों समेत करीब 75 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। इनमें संगठन महामंत्री नागेंद्र, महामंत्री देवेश कुमार के अलावा उपाध्यक्ष राधामोहन शर्मा व राजेश वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा रोजाना पार्टी कार्यालय आने वाले बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
महामंत्री देवेश कुमार ने बताया कि उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है लेकिन किसी तरह का कोई लक्षण नहीं है। फिलहाल वह घर पर ही आइसोलेशन में हैं। कुछ दिनों पहले पार्टी के प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह की रैपिड किट से जांच की गई रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनके संपर्क में आये और ऐहतियातन करीब 150 लोगों ने अपनी जांच कराई। इनमें 75 की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS