Bihar: संजय झा बोले- दरभंगा वासियों का आज हवाई यात्रा करने का सपना होने जा रहा पूर्ण

Bihar: संजय झा बोले- दरभंगा वासियों का आज हवाई यात्रा करने का सपना होने जा रहा पूर्ण
X
दरभंगा वासियों का आज हवाई सफर करने का सपना पूरा होने जा रहा है। बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा के बताये अनुसार रविवार को दरभंगा से हवाई यात्रा की शुरुआत होने जा रही है। उन्होंने कहा इससे मिथिलांचल इलाके में रोजगार भी बढ़ेगा।

बिहार के जल संसाधन मंत्री एवं जदयू नेता संजय कुमार झा ने रविवार को फेसबुक एवं ट्वीट के जरिये बिहार के मिथिलांचल वासियों को छठ व दीपावी पर्व से पहले एक बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा का इंतजार आज खत्म हो रहा है। वहीं संजय कुमार झा ने आज के दिन को स्वयं के लिए भावुक करने वाला करार दिया है। संजय कुमार झा ने कहा कि जब आप कोई बड़ा सपना देखते हैं। उसके लिए प्रयास करते हैं व वह अपने अंजाम तक पहुंच जाता है। फिर उससे बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती।

संजय कुमार झा ने आगे लिखा कि दरभंगा एयरपोर्ट शुरू से ही मेरे दिल के क़रीब रहा है। आज यह मिथिला के साथ-साथ बिहार के एक बड़े हिस्से को नई उड़ान देने जा रहा है। इसके लिए संजय कुमार झा ने पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रति आभार प्रकट किया है।

साथ ही उन्होंने कहा कि वे आज स्वर्गीय अरुण जेटली को विशेष तौर पर याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहता हैं। उन्होंने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट को लेकर मेरे प्रयासों को आगे बढ़ाने में उनका सहयोग निरंतर मिला था। उन्होंने दरभंगा के महाराज महाराजा कामेश्वर सिंह को भी याद किया है। क्योंकि उनकी चर्चा किये बिना दरभंगा एयरपोर्ट का गौरवशाली इतिहास पूरा नहीं हो सकता था। संजय कुमार ने बताया कि दरभंगा में आजादी के पहले से ही अपना एयरपोर्ट था।

संजय कुमार झा ने कहा कि आज शुभ दिन है, इसलिए वो निगेटिव बातों को पीछे छोड़ना उचित समझते हैं। संजय कुमार झा ने बताया कि जब 2017 में दरभंगा एयरपोर्ट को लेकर अपना प्रयास शुरू किया था। तब कुछ लोगों ने काफी मजाक उड़ाया था। कहते थे कि जिस शहर से राजधानी ट्रेन नहीं चलती है। वहां एयरपोर्ट कैसे मंजूर हो सकता है! लोग यह भी सवाल करते थे कि हवाई जहाज लेकर क्या होगा। पराकाष्ठा तो यह रही कि कुछ लोगों ने कंप्यूटर से तैयार फर्जी टिकट व बोर्डिंग पास तक मेरे नाम से जारी कर दिया। लेकिन, ऐसे उपहास ने मेरे निश्चय को और दृढ़ किया और मैंने अपना प्रयास जारी रखा। मुझे खुशी है कि आज यह बड़ा सपना हकीकत में तब्दील हो रहा है।

संजय कुमार झा ने बताया कि बिहार को दो एयरपोर्ट को मंजूरी पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई 'उड़ान' स्कीम के तहत मिली, पर यह बिहार के किस शहर में बनेगा, यह सीएम नीतीश कुमार को तय करना था। क्योंकि इसमें राज्य सरकार को भी कई स्तरों पर सहयोग करना था। सीएम नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट के लिए दरभंगा व पूर्णिया को चुना।

संजय कुमार झा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह एयरपोर्ट केवल उड़ान भरने के लिए नहीं होगा, इसके जरिए मिथिला में उद्योग व निवेश के लिए भी माहौल बनेगा। यह एयरपोर्ट उत्तर बिहार के बड़े हिस्से में विकास को गति देगा। बिहार अगले पांच साल में विकसित राज्यों की कतार में शामिल हो, यह हम सबकी साझा कामना है। निश्चित रूप से इसमें दरभंगा एयरपोर्ट की अहम भूमिका होगी मिथिला व बिहार के सभी लोगों को दरभंगा एयरपोर्ट के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही दीपावली व छठ पर्व की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं।



जानकारी के अनुसार दरभंगा में पहली फ्लाइट आज सुबह 11:05 पर लैंड करेगी। बताया जाता है कि यह फ्लाइट बेंगलुरु से आएगी। इसके बाद यही फ्लाइट दरभंगा से दिल्ली के लिए दिन के 11:45 के लिए रवाना होगी। दरभंगा से चली यह फ्लाइट दिल्ली दोपहर के 1 बजकर 40 मिनट पर पहुंच जायेगी। जानकारी के आधार पर दरभंगा एयरपोर्ट से शुरू हो रही हवाई यात्रा सेवा के पहले दिन मुंबई, बेंगलुरू व दिल्ली समेत कई अन्य शहरों से फ्लाइट की आवाजाही होगी। वहीं नई फ्लाइट सेवा की शुरुआत को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Tags

Next Story