चक्रवाती तूफान यास से बिहार में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, सात लोगों की हुई मौत, ऐसा रहेगा मौसम

बिहार (Bihar) में चक्रवाती तूफान यास (cyclonic storm yaas) के प्रभावों से हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन (Life) पर राज्य में भारी असर पड़ा है। रिकॉर्ड तोड़ बारिश (record rain) की वजह से बिहार के पटना (Patna), गया (Gaya), पूर्णिया जिले समेत विभिन्न जगहों पर जलभराव की स्थिति हो गई है। हवा की स्पीड अधिकतम 37 किमी प्रति घंटे व चक्रवाती हवा की स्पीड अधिकतम 44 किमी प्रति घंटे रहने से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। ग्रामीण क्षेत्रों (Rural areas) में मिट्टी से बने विभिन्न मकानों के ढह जाने की जानकारी है। विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश व तूफान की तीव्रता ने लोगों भयभीत कर रखा है। बिहार में विभिन्न जगहों पर शनिवार को भी भारी बारिश होने की संभावना है।
मनिहारी में हुई सबसे अधिक बारिश
बिहार के पूर्वी भागों में कुछ जगहों पर कुछ माध्यम व एक-दो स्थानों पर काफी भारी बारिश हुई है। बिहार में सर्वाधिक बारिश कटिहार के मनिहारी में दर्ज की गई। मनिहारी में 251.6 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। इसके साथ-साथ कदवा, पूर्णिया, परसा, बरारी, कटिहार उत्तर, अमनौर, बनमनखी, अरवल, शेखपुरा में अत्यधिक यानी भारी से भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पेड़ व दीवार गिरने से सात लोगों की मौत
बिहार में दो दिनों में चक्रवाती यास तूफान की चपेट में आने से सात लोगों की मौत (Seven dead) हो गई है। इस दौरान छह लोग घायल हुए हैं। सरकार की ओर से इन मौतों की पुष्टि की गई है। इन सभी प्रभावित लोगों को सरकारी प्रावधनों के अनुसार अुग्रह अनुदान दिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार दरभंगा व बांका जिलें में पेड़ गिरने की वजह से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई हैं। बांका में एक व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। वहीं मुंगेर, बेगूसराय, भोजपुर, गया और पटना एक- एक व्यक्ति की मौत दीवार गिरने से हो गई हैं। बेगूसराय में चार और गया जिले में एक शख्स दीवार गिरने की वजह से घायल हुआ है। ये तमाम जानकारियां संबंधित जिलों के प्रशासन द्वारा की गई है। तूफान के दौरान मरने वालों के परिवार को चार -चार लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। वहीं घायल लोगों को सरकारी खर्च पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यदि घायल व्यक्ति को सात दिन से ज्यादा अस्पताल में रहना पड़ेगा तो उसको अलग से 50 हजार रुपये सरकार की ओर दिया जायेगा।
शुक्रवार को कुछ जगहों पर समान्य से ज्यादा बारिश हुई
बिहार में अन्य जगहों पर सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। शुक्रवार में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच राज्य में सबसे अधिक बारिश वैशाली में 136 मिमी, जबकि पूर्णिया में 83.8 मिमी दर्ज की गई। पटना, खगड़िया, पूर्वी चंपारण, बेगूसराय, अररिया, समस्तीपुर, जमुई, मधुबनी में भी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम जानकारों का कहना है कि चक्रवाती तूफान यास के बिहार में प्रवेश के बाद डीप डिप्रेशन के प्रभाव से इतनी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
आज यहां भारी बारिश होने की संभावना
चक्रवात तूफान यास कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बदलकर राज्य के उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है। अगले 24 घंटों में कमजोर होकर इसी तरफ स्थिर रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर बिहार में शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसका प्रभाव शुक्रवार दोपहर बाद से ही बिहार में दिखने लगा। जानकारों ने बताया कि बिहार के अन्य हिस्सों में हवा की रफ्तार और बारिश की तीव्रता कम हो गई है और अगले 24 घंटों में और भी कम हो जाएगी।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि चक्रवाती तूफान यास बिहार में गहरे अवदाब से कम दबाव के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित हो गया है। यह उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ा है। इसके प्रभाव से उत्तर बिहार में शुक्रवार व शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS