सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, दिये जरूरी दिशा-निर्देश

सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, दिये जरूरी दिशा-निर्देश
X
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सूबे में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने दरभंगा में बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण भी किया। साथ ही खामियां नजर आने पर उन्होंने कई जरूरी निर्देश भी दिये।

बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को सूबे में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम नीतीश ने निरीक्षण के दौरान सामुदायिक किचेन में भोजन कर रहे लोगों से भी बातचीत वहां की व्यावस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही सीएम नीतीश कुमार ने वहां पर कुछ खामियों के नजर आने के बाद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिये। वहीं बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि सीएम नीतीश कुमार ने दरभंगा स्थित बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया व संबंधित कर्मचारियों को राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चाैधरी ने बताया कि सीएम ने कोरोना को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करने के लिये निर्देश दिये हैं।

याद रहे बिहार के करीब 14 जिलों में करीब 40 लाख लोग पिछले कई सप्ताहों से बारिश और बाढ़ से बूरी तरह जूझ रहे हैं। सूबे में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन लोगों की मदद करते दिखायी दे रहे हैं। प्रशासन और एनडीआरएफ बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को बचाकर बाढ़ राहत शिविरों में ठहरा रहे हैं। साथ ही सूबे में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये सामुदायिक किचेन भोजन का इंतजाम किया गया है।

दक्षिण बिहार में होगी भारी बारिश

बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने दक्षिण बिहार के कुछ स्थानों पर 6 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उन्होंने बताया कि सभी तटबंधों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही इसी आशंका के चलते उन्होंने दक्षिण बिहार के लोगों से सतर्क रहने का अनुरोध किया है। संजय कुमार झा ने बताया कि दक्षिण बिहार के कुछ क्षेत्रों में 5, 6 और 7 अगस्त को भी मध्यम बारिश होने के आसार हैं।



बाढ़ को लेकर तेजस्वी यादव ने उठाये थे सवाल

याद रहे बीते दिनों विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने मधुबनी और चंपारण जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को लालू रसोई के मध्यम से भोजन कराया था। साथ ही उन्होंने कोरोना महामारी और बाढ़ की तबाही से सूबे के लोखों लोगों त्रस्त बताया था। उन्होंने सूबे में बाढ़ से निपटने के इंतजामों पर भी सवाल उठाये थे। वहीं उन्होंने आरोप लगाया था कि जनता के पीड़ा में होते हुये भी सीएम नीतीश कुमार अपने आवास से नहीं निकल रहे हैं।

Tags

Next Story