Bihar Assembly Elections 2020: देवेंद्र फडणवीस बोले - एनडीए सरकार ने बिहार में दूर-दराज के इलाकों में भी पहुंचा दी बिजली

Bihar Assembly Elections 2020: बिहार भाजपा द्वारा बिहार की राजधानी पटना स्थित युवा टाउनहॉल में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बिहार के युवाओं को महाराष्ट्र के पूर्व सीएम एवं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस और तेजस्वी सूर्या ने संबोधित किया। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत में सबसे ज्यादा रहने वाली आबादी 25 वर्ष से छोटी है और भारत पूरे तरीके से युवाओं के देश के रूप में विकसित हुआ है।
वहीं भारत में सबसे युवा बिहार है। आने वाले समय में भारत के निर्माण में बिहार सबसे अधिक योगदान देगा। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज बिहार में किसी भी गांव में चले जाइए। इस सरकार में 20-22 घंटे बिजली दूरदराज के इलाकों में रहती है। शहरों में, कस्बों में हर जगह बिजली मिलती है। इस दौरान बिहार के रास्तों में हमने परिवर्तन देखा है।
देवेंद्र फडणवीस ने बिहार विधानसभा चुनाव के संबध में कहा कि यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी के भविष्य का चुांनाव नहीं है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। हम लोगों की सेवा करना चाहते हैं। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव बिहार का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा समझदार हैं। वे बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिये, किसानों के लिये, मजदूरों के लिये और विद्यार्थियों को अवसर देने के लिये फिर एक बार आप भाजपा का साथ दें।
पटना युवा टाउनहॉल में तेजस्वी सूर्या ने कहा कि आज मुझे सामाजिक समरसता व समता का उद्घोष करने वाले बसवण्णा की कर्मभूमि कर्नाटक से बुद्ध की कर्मभूमि बिहार आने का मौका मिला है। युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बाद मेरा पहला कार्यक्रम इस पवित्र भूमि पर हुआ है। यह मेरा सौभाग्य है।
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि युवराजों और राजकुमारों को केवल अपनी बेरोज़गारी का दर्द है। सूर्या ने कहा कि महलों की राजनीति करने वाले युवराजों और राजकुमारों को युवाओं के संघर्ष पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सूर्या ने कहा कि नरेंद्र मोदी के आने के बाद बेरोजगार हो चुके समकालीन सामंतों को सिर्फ अपनी राजनैतिक बेरोजगारी का दर्द है। इन्हें युवाओं की समस्या का दर्द नहीं है।
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि बिहार वह राज्य है जो भारतीय सभ्यता का पालना रहा है। सूर्या ने बताया कि बिहार ने प्राचीन काल के लिच्छवी गणराज्य से लेकर आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष तक बिहार ने भारत व विश्व को लोकतंत्र का महत्व समझाया है। गुरु गोविंद सिंह की इस धरती पर आना मैं अपना सौभाग्य समझता हूं। जनक और बुद्ध-महावीर का जनकल्याण और करुणा का संदेश हो या चाणक्य का एक भारत, क्षेष्ठ भारत का भाव, बिहार इस देश की गौरव गाथा सुनाता है। सुर्या ने कहा कि बिहार की गाथा अभी बाकी है। कई पत्रे लिखे जाने हैं। जिसे हम युवाओं को करना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS