बदमाशों ने मत्स्यजीवी समिति के प्रखंड मंत्री को किया अगवा, परिजनों ने इस बात की जताई आशंका

बिहार (Bihar) में लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान भी अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब ताजा सनसनीखेज आपराधिक वारदात खगड़िया (khagadia) जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोठिया ढाला के निकट से रविवार की शाम सदर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी को बदमाशों द्वारा अगवा (Kidnapped) कर लिया गया है। अशोक सहनी खगड़िया शहर के बलुवाही मुहल्ले निवासी हैं। अशोक सहनी की बरामदगी के लिए बिहार पुलिस (Bihar Police) की तकनीकी टीम भी कार्य करने में जुट गई है। पुलिस मोबाइल लोकेशन समेत अन्य बिन्दुओं को लेकर जांच कर रही है। जिससे अशोक सहनी की जल्द बरामदगी हो सके।
जानकारी के अनुसार अशोक उर्फ मुन्ना सहनी ने दिन के एक बजे अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि वो गंगौर की ओर जलकर देखने जा रहे हैं। तभी रास्ते में पूर्व से घात लगाए बदमाशों (miscreant) ने अशोक सहनी का अपहरण (Ashok Sahni kidnapped) कर लिया। गश्त के दौरान मुफस्सिल थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने मत्स्य जीवी सहयोग समिति मंत्री का बोर्ड लगा एक बाइक देखा। बाइक के आसपास किसी को नहीं देखने पर थाना अध्यक्ष ने फोन किया तो परिजनों ने अशोक के गंगौर की ओर जाने की बात कही। इसके तुरंत बाद पुलिस ने अशोक के साथ रहने वाले बबलू कुमार से पूछताछ की तो पता चला कि गंगौर की ओर अपहरण कर उनको कुछ लोग ले गए हैं।
बबलू के बताए अनुसार कार से ओवरटेक कर बदमाशों ने दोनों को गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनको (बबलू) को रास्ते में कार से उतार दिया। वहीं बदमाश अशोक को अपने साथ लेकर चले गए। अपहरण की सूचना पर सदर एसडीपीओ सुमित कुमार की अगुआई में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। परिजनों ने मत्स्यजीवी सहयोग समिति के चुनाव को लेकर उनका अपहरण कर लिए जाने का शक जाहिर किया है।
मामले पर एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी के अपहरण का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस उनकी बरामदगी को लेकर छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस उनकी बरामदगी के लिए तकनीकी टीम की मदद भी ले रही है।
परिजनों ने चुनावी रंजिश की वजह से अपहरण का शक जताया
लापता अशोक सहनी के परिजनों ने मत्स्यजीवी सहयोग समिति के चुनाव को लेकर अपहरण की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है। परिवार वालों ने बताया कि अशोक सहनी के साथ बीते कुछ दिन पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। शक है कि गत चुनाव में सहनी ने निवर्तमान मंत्री को शिकस्त देकर सदर प्रखंड मंत्री पद पर कब्जा जमाया था। इस वजह से उसका अपहरण किया गया है। अशोक सहनी के अपहरण कर लिए जाने के बाद से उनके परिजन काफी चितिंत हैं।
उनकी पत्नी शिवानी देवी सहित परिवार का प्रत्येक सदस्य तरह-तरह की आशंकाओं से परेशान हैं। जानकारी के अनुसार शोभनी वापस लौटने के क्रम में अशोक सहनी और उसने चालक को हथियार बंद बदमाशों ने कोठिया ढाला के पास स्विफ्ट कार से ओवरटेक कर गाड़ी में बैठा लिया। वैसे बदमाशों ने उनके चालक को तो छोड़ दिया, पर समाचार लिखे जाने तक अशोक सहनी की बरामदगी नहीं हो सकी थी। इससे उनके परिजन काफी परेशान हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS