Bihar: शराब तस्करों ने भाजपा नेता कलानंद सिंह पर किया जानलेवा हमला, लूटी रायफल

बिहार के अररिया जिले में शराब तस्कर पूरी तरह से सक्रिय हैं। ना तो वहां बदमाश पुलिस से डर रहे है व ना ही उन पर नीतीश कुमार सरकार का कोई भय नजर आ रहा है। आपको बता दें, बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है। जिसके बाद भी सूबे से अवैध शराब बरामदगी की आये दिन खबरें सामने आती रहती हैं। अब ताजा मामला अररिया जिले से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात को अररिया जिले में कुछ बदमाशों ने रानीगंज भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कलानंद सिंह पर जानलेवा हमला किया। बताया जाता है कि रानीगंज से पहुंसरा जाने वाली रामपुर नहर के निकट यह घटना घटी। बदमाशों के हमले में भाजपा नेता का वाहन भी छतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा हमलावर बदमाश भाजपा नेता से उनकी लाइसेंसी रायफल भी छीनकर फरार हो गये। मामले की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना के बारे में पीड़ित भाजपा नेता कलानंद सिंह ने बताया कि रविवार रात को वो अपने वाहन से शंभु यादव के साथ अपने घर पहुंसरा से रानीगंज आ रहे थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त उनके साथ पत्नी व बच्चे भी थे। उसी वक्त उन्हें रामपुर नहर के पास एक बाइक पर कुछ शराब तस्कर बोरी में शराब लेकर जाते हुये दिखाई दिये। शराब तस्करों को देखकर भाजपा नेता पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी देने लगे। इसकी भनक शराब तस्करों को लग गई व उन्होंने नजदीक के गांव में जाकर शोर मचाना शुरूकर दिया।
उसके बाद 12 से ज्यादा लोग एक ट्रैक्टर पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने भाजपा नेता के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। भाजपा नेता के मुताबिक इस दौरान हमलावर बदमाश उनकी लाइसेंसी रायफल भी छीनकर फरार हो गये। घटना की सूचना पर रानीगंज थाना के दारोगा मनिउद्दीन अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जहां से दारोगा ने भाजपा नेता कलानंद सिंह को हमलावरों के चंगुल से मुक्त करवाया।
इस दौरान वहां हाथापाई के दौरान कई गोलीबारी भी होने की जानकारी मिल रही है। रविवार की देर रात को ही पुलिस ने छापेमारी कर रायफल को बरामद कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने वहां से एक बोरी विदेशी शराब भी बरामद की है। इस मामले में घटना को लेकर रानीगंज पुलिस ने रात को ही छापेमारी कर संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले के संबंध में अभी लिखित शिकायत नहीं की गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS