बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर शख्स को उतारा मौत के घाट, पुलिस के सामने दोनों पत्नियों में हुई नोकझोंक

बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर शख्स को उतारा मौत के घाट, पुलिस के सामने दोनों पत्नियों में हुई नोकझोंक
X
बिहार के पटना जिले में बदमाशों ने गोली मारकर एक शख्स को मौत के घाट उतार दिया है। मर्डर के पीछे परिवारिक कलह मुख्य वजह माना जा रहा है। पति की मौत के बाद थाने पहुंची दोनों पत्नियां के बीच पुलिस के समक्ष भी नोकझोंक देखने को मिली।

बिहार (Bihar) के पटना (Patna) जिले में क्राइम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन राजधानी पटना में हत्या (Murder), लूटपाट समेत अन्य तरह की आपराधिक वारदातें बढ़ रही है। अब ताजा हत्या का मामला दानापुर के एतवारपुर से सामने आया है। जहां के परसा बाजार में रविवार को रेलवे स्टेशन के पास बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर एक अधेड़ शख्स का मर्डर (shot dead in broad daylight) कर दिया। गंभीर रूप से घायल उक्त शख्स ने अस्पताल लेकर जाने के दौरान बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। हत्याकांड के बाद से ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप व्याप्त है। मामले की जानकारी पर परसा बाजार की प्रशिक्षु डीएसपी प्रिया ज्योति अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। तुरंत ही पुलिसकर्मी (Police) घटनास्थल पर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए।

मृतक शख्स की शिनाख्त न्यू एतवारपुर निवासी जितेंद्र कुमार 55 साल के तौर पर की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार को ऑटो से एक अधेड़ शख्स कहीं जा रहा था। जिसका बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों को देखते ही ऑटो ड्राइव ने भी वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने जितेंद्र कुमार को खदेड़ कर दबोच लिया। साथ ही बदमाशों ने जितेंद्र के सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद जितेंद्र भूमि पर गिर गया। वहीं पर तड़पने लगा। इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोग घटना के बारे में कुछ भी बताने से हिचक रहे हैं। लोगों ने यह भी जानकारी दी है कि दो से तीन दिनों पहले जितेंद्र कुमार का परिवार के लोगों के साथ आपसी विवाद भी हुआ था। पुलिस ने बताया है कि बाइक सवार बदमाशों ने जितेंद्र के सिर में गोली मारी। इसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जितेंद्र ने दो विवाह किए थे। इस वजह से दोनों पत्नियों व जितेंद्र के परिवार में घरेलू कलह बना रहता था। पुलिस को भी शक है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है। पुलिस हत्या मामले में गहनता से जांच-पड़ताल करने में जुटी है। मृतक के एक पुत्र ने अपने सौतेला भाई पर ही हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने कहा है कि वह जमीनी बंटवारे की वजह से हमें भी मार सकता है। पति की मौत के बाद जितेंद्र की दोनों पत्नियां परसा बाजार थाने में पहुंची हुई थी। इस दौरान वो दोनों एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप भी जड़ती हुई नजर आईं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

Tags

Next Story