नीतीश कुमार ने दी ईद की शुभकामनाएं, सूबे के तमाम नेताओं ने कोरोना से सचेत रहने को कहा

बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शनिवार को बकरीद के मौके पर देश और बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी। साथ सीएम नीतीश कुमार ने कोरोना महामारी को देखते हुए खासकर मुस्लिम भाइयों से पूरी तरह सचेत रहने की अपील की है। वहीं बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने भी बकरीद के मौके पर बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि असीम आस्था, त्याग एवं बलिदान के त्योहार ईदउलअजहा (बकरीद) पर सभी को दिली मुबारकबाद। आप सभी स्वस्थ रहें, सलामत रहें, खुश रहें, यही कामना है।
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि आज बकरीद के मौके पर मैं समस्त राज्यवासियों को मुबारकबाद देता हूं। कोरोना संकट के बीच अपने और अपने परिवार का ख्याल रखते हुए त्योहार का आनंद लें। वहीं अशोक चौधरी ने अपील की कि कृपया कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सतर्क रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बकरीद क़ुर्बानी और त्याग का प्रतीक है। इस कोरोना महामारी में सभी लोगों ने बहुत सारी कुर्बानियां दी हैं। बढ़ती महामारी का ख़्याल करते हुए अपने घरों में सादगी और अपनी हिफ़ाज़त करते हुए ईद मनायें। आपको सेहत, तरक़्क़ी और अमन-चैन की कामना के साथ ईदउलअजहा की मुबारकबाद!
एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने संदेश में कहा कि सभी देश, प्रदेशवासियों को ईद-उल-अज़हा के पवित्र पर्व की तहे दिल से मुबारकबाद। यह पावन पर्व हमें, सबके साथ खुशियां बांटने एवं मानवता की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने का संदेश देता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS