तेजस्वी यादव ने अपने परिवार के साथ केक काट कर मनाया अपना जन्मदिन

राष्ट्रीय जनता दल 'राजद' नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को पटना में अपने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर तेजस्वी यादव के साथ उनकी मां एवं बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बड़े भाई तेज प्रताप यादव और उनकी बड़ी बहन मीसा भारती उनके साथ रहीं। इस दौरान उनके साथ परिवार के बच्चे भी साथ रहे। इस मौके पर परिवार के सभी सदस्य एक दूसरे को केक भी खिलाते हुये नजर आये। इस मौके पर सबसे खास बात यह रही कि जिस मेज पर केक सजाया गया वहां पर एक लालटेन भी जलाई गई। आपको बता दें राजद पार्टी का चुनाव चिन्ह लालटेन ही है।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अपने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। pic.twitter.com/JT42k6Kle1
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2020
इससे पहले बहन मीसा भारती ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को ट्वीट के माध्यम से भी जन्मदिन की शुभकामनायें दी। मीसा भारती ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि बिहार के सबसे प्रिय नेता व छोटे भाई तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! खूब मेहनत करें, खूब आगे बढ़ें, सबकी मदद करें, ईश्वर से यही कामना है! वहीं राजद नेता तेज प्रताप यादव ने भी अपने छोटे भाई को सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी। उन्होंने लिखा कि हैप्पी बर्थडे टूटू। इसके अलावा तेजस्वी यादव को उनके जन्मदिन पर पार्टी के विभिन्न नेताओं, कार्यकर्ताओं, गठबंधन के साथियों और अन्य चाहने वालों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनायें दी हैं।
तेजस्वी यादव को यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी ट्वीट के जरिये शुभकामनायें दी हैं। अखिलेश यादव ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि तेजस्वी यादव को ऐतिहासिक जन्मदिन की बधाई एवं अति-उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं!
यूपी के पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने भी ट्वीट के जरिये तेजस्वी यादव को जन्म दिन की शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार व जन-जन के प्रिय नेता लालू यादव के पुत्र तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आप बिहार के लोकतंत्र के इस महासमर में सफल हों और जन आकांक्षा, विकास की गति व सामाजिक न्याय को नव स्वर दें, ऐसी मंगलकामना।
इससे पहले सोमवार को पटना में उनके आवास के बाहर भी राजद कार्यकर्ता तेजस्वी यादव के जन्मदिन का जश्न मनाते हुये नजर आये। इस दौरान तेजस्वी यादव के चाहने वालों के हाथों में गुलदस्ते एवं मिठाइयां थी।
इसके अलावा पटना की सड़कों पर तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुये विभिन्न पोस्टर लगे हैं। इन पोस्टरों पर चुनाव का परिणाम आने से पहले ही तेजस्वी यादव को बिहार के भावी मुख्यमंत्री के रूप में दर्शाया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS