Ram Vilas Paswan : नीतीश हुये व्यक्तिगत तौर पर दुखी, पप्पू बोले- सीएम व भाजपा के व्यवहार से दुखी थे पासवान

Ram Vilas Paswan : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि केंद्रीय मंत्री एवं लोकप्रिय राजनेता राम विलास पासवान के निधन से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर दुख पहुंचा है। नीतीश कुमार ने कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। इसके अलावा राम विलास पासवान के निधन से बिहार की सियासत में शोक छा गया है। बिहार की सीएम राबड़ी देवी, बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी, नंद किशोर यादव, डॉ मदन मोहन झा, मंगल पाण्डेय और तेजस्वी यादव समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने उनके निधन पर दुख जाहिर किया है।
जन अधिकार पार्टी प्रमुख पप्पू यादव ने भी राम विलास पासवान के निधन पर ट्वीट के माध्यम से दुख जाहिर किया है। साथ ही पप्पू यादव ने उनके निधन के लिये सीएम नीतीश कुमार और भाजपा के व्यवहार को जिम्मेवार ठहराया है। पप्पू यादव ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें दुख है कि आखिरी समय में परम् आदरणीय रामविलास पासवान जी के साथ सीएम नीतीश कुमार और बीजेपी ने जो व्यवहार किया, उसकी पीड़ा दिल में लिए वह चल बसे! बिहार माफ नहीं करेगा!
पप्पू यादव ने अन्य ट्वीट में लिखा कि बिहार के बेमिसाल लाल हमारे अभिभावक श्रद्धेय रामविलास पासवान जी का निधन मेरी निजी क्षति है। हमारा उनसे नितांत पारिवारिक नाता था। सच में बिहार के इस नुकसान की भरपाई असंभव है। मेरी गहरी संवेदना चिराग पासवान, उनके परिजनों, उनके समर्थकों के साथ है। रामविलास को अंतिम प्रणाम!
हमारे घर में नहीं जलेगा आज चूल्हा: राबड़ी देवी
बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने भी ट्वीट कर राम विलास पासवान के निधन पर शोक जाहिर किया है। राबड़ी देवी नेक कहा कि आदरणीय रामविलास पासवान जी के निधन से बहुत दुखी हूं। दशकों से उनके साथ पारिवारिक सम्बंध रहा। आज हमारे घर में चूल्हा नहीं जलेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
पासवान के निधन से दुखी हूं: तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने राम विलास पासवान के निधन पर कहा कि न्यायप्रिय राजनीति और दलित वंचित चेतना के मज़बूत स्तंभ अभिभावक आदरणीय रामविलास पासवान के निधन से दुखी हूं। शोषित, वंचित, उत्पीड़ित वर्ग उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
विश्वास नहीं हो रहा हमारे बीच नहीं रहे पासवान: मंगल पाण्डेय
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने उनके निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है। पाण्डेय ने अपने शोक संदेश में लिखा कि आज यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है की रामविलास पासवान अब हमारे बीच नहीं रहें। उनसे मेरा गहरा लगाव था और वो मेरे अभिभावक तुल्य थे। उनके निधन से देश ने एक ईमानदार तथा उत्कृष्ट राजनेता को खो दिया है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि!
बिहार उनके योगदानों को नहीं भूल सकता है: सुशील मोदी
बिहार के डिप्टी सीएम एवं भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने उनके निधन पर ट्वीट कर कहा कि राम विलास पासवान के निधन से हम सब दुखी हैं। बिहार उनके योगदान को कभी भूल नहीं सकता है। मेरा उनसे 30 साल का सम्बन्ध था। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।
डॉ मदन मोहन झा ने जताया दुख
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने भी उनके निधन पर ट्वीट के जरिये दुख जाहिर किया है। डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार और पूरे देश के लिए यह एक बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
लोजपा परिवार को अपकी जरूरत थी: चंदन सिंह
एलजेपी नेता चंदन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि ऐसे वक्त में जब पूरे लोजपा परिवार को आपकी जरूरत थी। आप हमें छोड़कर चले गए आदरणीय अभिभावक रामविलास पासवान जी, मानो दुखों का आपार पहाड़ हम पर टूट पड़ा है। निःशब्द हूं। श्रद्घांजलि।
बहुत दुख हुआ: अजय कपूर
बिहार कांग्रेस प्रभारी अजय कपूर ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन के समाचार से बहुत दुःख हुआ। भावभीनी श्रद्धांजलि, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें व इस दुःख की घड़ी में परिजनों को संबल प्रदान करें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS