सुशांत मौत मामला: सुशील मोदी बोले- कांग्रेस बिहार में क्या मुंह दिखायेगी

सुशांत मौत मामला: सुशील मोदी बोले- कांग्रेस बिहार में क्या मुंह दिखायेगी
X
बिहार में सुशांत सिंह राजपूत मामले पर जमकर सियासत हो रही है। इसी को लेकर बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सह पर उद्धव ठाकरे सुशांत मामले में जिम्मेदार सभी तत्वों को बचा रहा हैं। कांग्रेस बिहार की जनता को क्या मुंह दिखायेगी।

बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने ट्वीट कर सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है। सुशील मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में पहले भी बिहार के लोगों से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन अब वहां कांग्रेस-एनसीपी की बैसाखी पर टिकी उद्धव सरकार ने तो हद ही कर दी है।

भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि अब बिहार के बेटे सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच के लिए पहुंची बिहार पुलिस को मुम्बई पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा है। वहीं सुशील मोदी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे कांग्रेस-संपोषित बालीवुड माफिया के दबाव में हैं, इसलिए उद्धव ठाकरे सुशांत मामले में जिम्मेदार सभी तत्वों को बचाने पर तुले हैं। अब कांग्रेस बिहार की जनता को क्या मुंह दिखायेगी।

सुशील मोदी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान भी महाराष्ट्र से बिहारी मजदूरों की वापसी के समय अड़ंगेबाजी की गई थी। सुशील मोदी ने अन्य ट्वीट में कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या ने करोड़ों बिहारवासियों को स्तब्ध और दुखी किया है, इसलिए लगभग सभी दल चाहते हैं कि मामले की सीबीआई जांच हो।



सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले पर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार के बेटे सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मृत्यु की जांच करने हेतु बिहार पुलिस मुंबई में है तथा घटना की तह तक जाकर दोषियों को सजा दिलवाएगी। उन्हें हमारी सरकार का पूरा सहयोग और समर्थन प्राप्त है। हमें विश्वास है कि मुंबई पुलिस जांच में पूरी मदद करेगी।

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बीते 14 जून को मुंबई बांद्रा में स्थित अपने घर पर मृत मिले थे। मुंबई पुलिस मामले में आत्महत्या के एंगल से काम करी थी। लेकिन अब मामले में नया मोड़ आ गया है। क्योंकि सुशांत के पिता केके ने उनकी मौत के करीब एक माह बाद बिहार के पटना में मामला दर्ज करवा दिया है। जिसमें अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को जिम्मेदार बनाया गया है। उसी मामले को लेकर पटना पुलिस मुंबई में कई दिनों से जांच पड़ताल कर रही है। मुंबई में बिहार पुलिस के साथ दो दिन पूर्व बदसलूकी होने का वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसको लेकर तमाम बिहार वासियों ने निंदा जताई थी और मामले को लेकर मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहें हैं।

Tags

Next Story