बाढ़ पीड़ितों ने बच्चों के लिए मांगी रोटी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय बोले- ये मांग पूरी कराना संभव नहीं

बिहार (Bihar) में इन दिनों गंगा (Ganga) समेत विभिन्न नदियों का जलस्तर चढ़ा हुआ है। इस कारण विभिन्न क्षेत्र बाढ़ (Flood) के पानी में जलमग्न हो गए हैं। इन हालातों के बीच हजारों लोग अपने-अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हैं। साथ अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। ऐसे ही हालात वैशाली (Vaishali) जिले में राघोपुर के बने हुए हैं। यहां के बाढ़ पीड़ित हजारों लोग अपने-अपने परिवारों के साथ हाजीपुर (Hajipur) जिला मुख्यालय में बने राहत कैंपों में रह रहे हैं। नेशनल हाईवे से सटे तेरसिया में बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए राहत शिविर बनाया गया है। यहां लोगों के भोजन के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (Union Minister of State for Home Nityanand Rai) अचानक तेरसिया में बने राहत शिविर में पहुंच गए। यहां पर बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री राय को घेर लिया और अपनी समस्याएं सुनाने लगे। इस दौरान ये लोग व्यवस्थाओं को लेकर भी खासे नाराज नजर आए। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों की मांग (flood victims demand) थी कि वह सरकार के समक्ष मांग उठाकर छोटे-छोटे बच्चों के लिए रोटी की व्यवस्था करा दें। पर इन लोगों से मंत्री राय ने कहा कि सरकार द्वारा रोटी उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
मंत्री को अपनी समस्याएं सुनाते वक्त लोग वीडियो बनाने का प्रयास भी कर रहे थे। लेकिन उनके सुरक्षाकर्मियों ने ऐसा करने से लोगों को रोक दिया। बताया जा रहा कि राहत शिविरों में बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए भोजन का इंतजाम तो है पर यहां लोगों को सुबह और शाम दोनों वक्त खाने में सिर्फ चावल दिया जा रहा है। शिविर में रह रहे लोगों कह रहे हैं कि भोजन में लगातार सिर्फ चावल खाने की वजह से उनके छोटे-छोटे बच्चे बीमार हो रहे हैं। इस कारण बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं और भी विकट हो रही हैं।
मौके पर मंत्री नित्यानंद राय पहुंचे तो बाढ़ पीड़ितों ने उनके समक्ष रोटी उपलब्ध कराए जाने की मांग उठा दी। उस वक्त मंत्री राय राजधानी पटना (Patna) से समस्तीपुर जा रहे थे। नेशनल हाईवे के किनारे उन्होंने बाढ़ पीड़ित लोगों को देखा और वहां रुके गए। तुरंत बाढ़ पीड़ितों ने भी उनकों अपनी दिक्कतें सुनानी शुरू कर दीं। उस वक्त शिविर में रह रही एक महिला का कहना था कि यहां खाने में उन्हें लगातार 10 दिनों से सिर्फ चावल दिया जा रहा है। बच्चों का स्वास्थ बिगड़ रहा है।
राजद ने जताई हैरानी
इस मामले को लेकर विपक्षी पार्टी राजद (RJD) की ओर से भी तंज कसा गया है। राजद बेगूसराय के अधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा गया है कि बाढ़ पीड़ितों ने मांगी रोटी तो भाजपा मंत्री नित्यानंद राय ने साफ साफ कह दिया। सरकार के लिए यह कर पाना संभव नहीं है। इसको लेकर राजद ने नीतीश कुमार सरकार को भी निशाने पर लिया। कहा कि नीतीश सरकार के के पास हजारों करोड़ पीआर इवेंट (PR events) पर खर्च करने के लिए तो हैं। पर असहाय गरीबों की रोटी के लिए एक पैसा नहीं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS