... तो किस नाम से चौंकाने वाली है भाजपा

चन्द्रकान्त शुक्ला
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से लेकर आज तक हर दिन नए-नए नामों के सीएम बनने की कयासबाजी चलती रही। लेकिन पक्के तौर पर किसी को भी कुछ नहीं पता... इतने नाम लिए गए... इतने नाम लिखे गए... जिनको दौड़ में बताया गया या फिर रेस में आगे निकलता बताया गया, उनको खुद भी नहीं पता था कि, वे किसी रेस में या दौड़ में शामिल भी हैं। मुझे तो ऐसा लगता है कि, लिखने वालों ने साजा के नवनिर्वाचित विधायक ईश्वर साहू को छोड़कर बाकी के 53 विधायकों के नाम मुख्यमंत्री की रेस में शामिल करा ही दिया। यहां तक कि, राजभवन पहुंच गए वरिष्ठ नेता तक को मुख्यमंत्री बनवा दिया गया। पिछले 10 सालों में मोदी जी के फैसले जिस लिहाज से चौंकाते रहे हैं, उससे तो अब सचमुच ऐसा लगने लग रहा है कि, कहीं सच में कोई चौंकाने वाला चेहरा ही तो सामने नहीं आने वाला है।
कहा गया कि, सरगुजा से 14 सीटें जीत गए तो सीएम सरगुजा से ही होगा। यहां तक कि नेशनल मीडिया ने तो सरगुजा की 14 सीटें जितवाने का श्रेय विष्णुदेव साय के सिर सजा दिया। कुछ ने तो यहां तक लिख डाला कि, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने अपने साथ बाकी की 13 सीटें भी जीतकर पार्टी की झोली में डाल दी। अब पता नहीं कि ऐसा लिखने वालों को सरगुजा का इतिहास-भूगोल, सियासत और सरगुजिहा नेताओं के कद के बारे में कितनी जानकारी रही होगी।
पर्यवेक्षकों की घोषणा के बाद इनमें से कुछ के सुर बदल गए। यहां तक कहा गया कि, हेड पर्यवेक्षक आदिवासी है तो मुख्यमंत्री आदिवासी नहीं होगा। उन्हें आदिवासी नेताओं को समझाने के लिए ही भेजा गया है। एक पर्यवेक्षक संघ की पृष्ठभूमि से है तो नया सीएम संघ से नहीं हो सकता। पक्का कर दिया गया कि, अवश्य ही कोई ओबीसी नेता सीएम बनेगा। किसी ने लिखा कि डा. रमन को 'हिंट' कर दिया गया है, किसी ने कहा कि सवर्ण चेहरे को ही आगे बढ़ाया जाएगा। कुल मिलाकर जिसे जो सूझा बोल दिया, लिख दिया।
अब सवाल यह उठता है कि, क्या पर्यवेक्षक कोई नाम लेकर आए हैं? क्या यहां विधायकों से रायशुमारी के बाद 'ऊपर' बताकर नाम फाइनल कराया जाएगा। कोई कह रहा है पर्यवेक्षकों को भी नहीं पता, केवल यहां चुनाव संचालन करने वाले मंडाविया को पता है और वही पत्ते खोलने वाले हैं। बहरहाल होने क्या वाला है, यह तो मोदी-शाह-नड्डा ही जाने। बाकी हम सभी को तभी पता चलने वाला है, जब आधिकारिक तौर पर नाम का ऐलान हो जाएगा कि, फलां होगा छत्तीसगढ़ का अगला मुख्यमंत्री... अब केवल रुचि इस बात को लेकर बची है कि, आखिर वह कौन सा नाम है जिससे भाजपा चौंकाने वाली है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS