CM और कलेक्टर से पहचान बताकर 52 लोगों को ठगा, दुर्ग में पकड़ाया शातिर

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में नौकरी लगाने के नाम पर 52 लोगों से ठगी करने वाले शातिर को पुलिस ने धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि शातिर ने 26 लाख 98 हजार 500 रूपये की ठगी की थी। आरोप दर्ज होने के बाद आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
मामला डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र का है, जहां सतीष उपाध्याय को 52 लोगों से 26 लाख 98 हजार 500 रूपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फरियादी विश्र्राम सिंह निषाद ने थाने में शिकायत की थी कि सतीष उपाध्याय पिता स्व.ओंकार नाथ उपाध्याय निवासी दल्लीराजहरा ने मुख्यमंत्री, एसपी, कलेक्टर और राज्यपाल से जान पहचान है कहकर प्रार्थी, उनकी बेटी, बेटा, नाती, पड़ोस के लोगों, डौण्डीलोहारा के आस-पास के ग्राम सोरली, खेरथा, संबलपुर, कोबा, भैंसबोड, फिरतुटोला, संजारी, कोरगुडा, कामता, आलीखूटा, किल्लेकाड़ा, चंदिया, लाटाबोड, खैरा, मनकी के अलावा अन्य जिला धमतरी, राजनांदगांव के भी लोगों से पी.डब्लू.डी, पी.एच.ई व वन विभाग में शासकीय नौकरी लगाने के नाम पर झांसा देकर कुल 26,98,500 रूपये लेकर ठगी की गई है।
थाना डौण्डीलोहारा की टीम और सायबर सेल की विशेष टीम गठित कर थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा मनीष शर्मा, निरीक्षक रोहित मालेकर के नेतृत्व में टीम गठन किया गया। टीम ने आरोपी के पतासाजी के लिए दल्लीराजहरा स्थित आरोपी के घर जाने पर आरोपी मोबाईल को बंद कर फरार हो गया था। आरोपी का पता लगाने के लिए मुखबीर लगाया गया और सायबर सेल से तकनीकी रूप से पतासाजी शुरू कर दी गई।
मुखबीर के माध्यम से सूचना मिली कि आरोपी ठगी करने के बाद से अन्य जिलों के होटल, लॉज में छुपकर रह रहा है। आरोपी की पतासाजी केलिए टीम रवाना की गई। टीम ने आरोपी सतीष उपाध्याय को जिला दुर्ग से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से नगदी 7,80,000 रूपये जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS