मोदी सरकार के 8 साल : डा. रमन बोले- इन 8 सालों में देशवासियों की सोच बदली, देश समझ गया है- मोदी हैं तो सब मुमकिन है

रायपुर। प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार के 8 साल पूरे होने पर आज छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उपलब्धियां गिनाईं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के साथ पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सुनील सोनी, बिलासपुर सांसद अरुण साव के अलावा अन्य कई बड़े नेता भी प्रेस कान्फ्रेंस में मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि, देश में गरीब कल्याण को लेकर अनेक काम हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर गरीब को छत मिल रही है। हर घर में नल जल योजना के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए प्रतिबद्ध मोदी जी ने अपने कार्यकाल के 8 साल पूरे कर लिए हैं। प्रधानमंत्री की प्राथमिकता गरीब कल्याण रही है। डा. रमन ने कहा कि- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण ही 8 साल की यात्रा रही है। जन कल्याण के क्षेत्र में अनेकों काम हुए हैं। किसान का सम्मान, गरीब का कल्याण, महिलाओं का उत्थान, युवाओं को अवसर, तकनीकी नवाचार, से विश्व पटल पर भारत को नई पहचान मिली है। उनहोंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो परिवर्तन हुए वह मोदी जी के कारण संभव हो पाया है। मोदी लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे, इसलिए वे मुख्यमंत्रियों के दर्द और तकलीफ को समझते हैं। मोदी जी ढाई-ढाई साल के फार्मूले में बंटने वाले मुख्यमंत्री नहीं रहे। मोदी जी के पीएम बनने से पहले टोटल टैक्स का 32% केंद्र से राज्य को हिस्सा मिलता था, मोदी जी ने उसे 32 से 42% एकमुश्त किया। इसके चलते छत्तीसगढ़ को हर साल 8 हजार करोड़ की राशि ज्यादा मिली। जीएसटी को लेकर कांग्रेस और उनका सिर्फ नेतृत्व कंफ्यूज रहता है। किसी राजय में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए भेदभाव नहीं किया जाता। 9040 करोड़ सड़कों के निर्माण के लिए दिए गए। नितिन गडकरी जी ने आकर बता दिया कि छत्तीसगढ़ के लिए भाव क्या है। इसके बाद तो डा. रमन ने राज्य सरकार पर आरोपों के बौछार ही कर दिए। कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ एकमात्र ऐसा राज्य है जिन्होंने गरीबों का आवास छीना, 3 साल में जब से सरकार बनी है तब से गरीबों के आवास स्वीकृत नहीं किए गए। 16 से 17 लाख आवास स्वीकृत हुए थे जो रिजेक्ट कर दिया गए। क्योंकि इन्होंने अस्वीकार किया। नल जल योजना में घपला किया गया। छत्तीसगढ़ में 33 सौ करोड़ आने के बाद बंदरबांट शुरू हुई। गरीबों के इलाज को लेकर भी बंदरबांट की गई। आयुष्मान भारत को लागू करने में छत्तीसगढ़ सरकार विफल रही। किसानों के लिए केंद्र सरकार सब्सिडी दे रही है, तीन लाख करोड़ रुपए की सब्सिडी गवर्नमेंट ऑफ इंडिया दे रही है। दुर्ग-बिलासपुर के बीच 107 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेन चलने के लिए मंजूरी दी गई। आम आदमी कहता था कि, इस देश में कुछ बेहतर नहीं हो सकता। 2014 तक यह बात कही जा सकती थी, लेकिन अब आम लोगों की सोच में परिवर्तन आया है। क्योंकि मोदी है तो सब कुछ मुमकिन है, ये देशवासी जान गए हैं। डा. रमन ने कहा कि, देश को बदलने की यात्रा निरंतर जारी है। कांग्रेस कहती थी जो हुआ सो हुआ लेकिन अब मोदी जी के आने के बाद जो नहीं हुआ वह अब होगा। देश में लंबे समय के बाद एक ऐसी सरकार है जो विकास यात्रा के साथ आगे बढ़ रही है। देश को वंशवाद की राजनीति ने तबाह कर दिया था। उन 60 सालों में क्या परिवर्तन आए थे, 8 साल में भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर होता जा रहा है। जनता के लिए बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं। किसानों और गरीबों की आय बढ़ी है और देश अपने पैरों पर खड़ा होना सीखा है। डा. रमन ने कहा कि, भारत में आज मोदी जी के नेतृत्व में जो उनका मंत्र है- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास... और देश में यही हो भी रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS