एक खुशहाल परिवार ने अचानक कर ली सामूहिक आत्महत्या! युवक फंदे पर लटका मिला, पत्नी और दो बच्चों के शव कुएं से मिले

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के करमतरा गांव गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों ने आत्महत्या कर ली है। इस दिल दहला देने वाली घटना में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। उसकी बीवी और 2 मासूमों की लाश घर के कुएं में पड़ी मिली है। मामला लालबाग थाना क्षेत्र के करमतरा गांव का है।
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार की है। जब 32 साल के डोमन साहू का परिवार खेत में धान की मिंजाई करने गया था। घर पर डोमन, उसकी पत्नी वेदिका और तीन, दो साल के दोनों बच्चे काव्या और पीयूष ही थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी दौरान पहले वेदिका अपने दोनों बच्चों को लेकर कुएं में कूदी होगी। इसके बाद ही डोमन ने भी अपने घर से आधा किलोमीटर दूर बने ब्यारे में फांसी लगा ली। डोमन गांव में अपनी बीवी बच्चे, छोटे भाई और उसकी पत्नी के साथ रहता था। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सबसे पहले दिखा बच्ची का शव
परिजनों को इस बात की जानकारी शाम करीब 5 बजे लगी। डोमन के छोटे भाई की पत्नी घर लौटी। खेत से लौटते ही सबसे पहले घर के पीछे मौजूद कुएं में हाथ पैर धोने गई। वहां पंप का पाइप नहीं दिखने पर उसने भीतर झांका। तब कुएं के अंदर काव्या का शव उसकी डॉल के साथ दिखा। काव्या के शव को देखकर वह चीखते हुए बाहर निकली। फिर आसपास के लोगों व परिवार के दूसरे सदस्यों को घटना की जानकारी हुई। वहीं घर पर वेदिका, पीयूष और डोमन भी नहीं थे। इस पर परिजनों ने तलाशी शुरू की तब डोमन का शव उसके ब्यारे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। वेदिका, पीयूष का पता नहीं चल पा रहा था।
खुशहाल था परिवार
डोमन के पड़ोसियों ने बताया कि डोमन काफी सीधा साधा व्यक्ति था। दंपती के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं है। परिजन ने बताया कि कुएं के करीब 15 फीट नीचे पानी है। पानी निकालने के लिए दो फीट का होल छोड़कर बाकी हिस्सा ढंका हुआ है। आशंका है कि पहले बच्चों को फेंका और उसके बाद स्वयं वेदिका कुएं में कूदी। क्योंकि इतने छोटे से होल से सभी का एक साथ कूदना संभव नहीं है।
शादी को सिर्फ पांच साल हुए
खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वेदिका, पीयूष का भी पता लगाना शुरू किया। फिर जब पुलिस ने काव्या का शव निकालना शुरू किया तब पीयूष और वेदिका के शव भी कुएं में मिले। डोमन ने 2016 में ही वेदिका से शादी की थी। पुलिस ने डोमन के कमरे की भी तलाश ली है। लेकिन सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। मगर अब तक कोई ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक हंसते-खेलते परिवार के सफाए से गांव में मातम पसरा हुआ है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS