फरार ब्रम्हानंद खुलेआम कर रहे जनसंपर्क, हरिभूमि से कहा, पुलिस का नेटवर्क कमजोर, दम है तो करो गिरफ्तार

विजय पांडेय-कांकेर। छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर का चुनाव ऐतिहासिक हो गया है। भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद आगे-आगे और पुलिस पीछे-पीछे चल रही है। झारखंड पुलिस कई दिनों से भाजपा प्रत्याशी की गिरफ्तारी को लेकर डेरा डाले हुए है। पुलिस के मुताबिक ब्रम्हानंद फरार हैं और जगह जगह छापेमारी की जा रही है। दूसरी ओर, श्री नेताम खुलेआम जनसंपर्क कर रहे हैं।दर्जनों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गांवों में घूम रहे हैं। हरिभूमि ने भाजपा कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार की जानकारी ली। उनसे पूछा, ब्रम्हानंद नेताम कहां हैं? कार्यकर्ताओं ने कहा इस वक्त वे कच्चे गांव में होंंगे। हरिभूमि दोपहर सवा एक बजे के करीब कच्चे गांव पहुंचा तो वहां से श्री नेताम आगे बढ़ चुके थे। ग्रामीणों ने बताया कि वे विकासखंड दुर्गुकोंदल के पर्रेकोड़ो में प्रचार कर रहे हैं। आधे घंटे में गांव पर्रेकोड़ो पहुचा। वहां ब्रम्हानंद नेताम चुनाव प्रचार कर रहे थे। उनके साथ करीब दो दर्जन कार्यकर्ता भी थे।
फरारी के सवाल पर कहा- मैं तो खुलेआम घूम रहा हूं
करीब डेढ़ बजे ब्रम्हानंद नेताम से मुलाकात हो गई। साक्षात्कार की इच्छा जताई तो रुक गए। उन्होंने दो कुर्सियां मंगवाईं। संवाददाता के साथ सड़क किनारे बैठ गए।हमारा पहला ही सवाल था, झारखंड पुलिस आपको तलाश कर रही है। नोटिस जारी कर रही है। आप मिल ही नहीं रहे, क्या फरार हैं?
श्री नेताम ने कहा, रोज प्रचार कर रहा हूं। सैकड़ों लोगों से मिल रहा हूं। क्या पुलिस का नेटवर्क इतना कमजोर हो गया है कि सैकड़ों लोगों से भी पता न चला सके कि मैं कहां हूं। पुलिस आए और मुझे गिरफ्तार करे। दरअसल झारखंड पुलिस भी जानती है कि मामला क्या है, इसलिए गिरफ्तार नहीं कर रही। मैं भी कह रहा हूं कि दम है तो करो गिरफ्तार। मुझे गिरफ्तारी का कतई डर नहीं है, यह कांग्रेस का षडयंत्र है। मैं क्यों उनके षड़यंत्र को सफल बनाऊं। मेरे को कभी जानकारी नही थी कि मेरे ऊपर इस तरह का आरोप लगा है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के द्वारा जब मीडिया में बोला गया, तब पता चला, इसके पहले हमें जानकारी नहीं थी।
शेड्यूल जारी करता रहूंगा
श्री नेताम ने कहा कि वे देर रात तक चुनाव प्रचार करते हैं। उसके बाद देर रात ही दूसरे दिन का कार्यक्रम तय कर दिया जाता है। आज देर रात कल का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। उसी के मुताबिक ही वे प्रचार पर निकलेंगे। झारखंड पुलिस चाहे तो उन्हें प्रचार के दौरान गिरफ्तार कर ले, वे डरेंगे नहीं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS