हादसा या खुदकुशी : पुटू की तलाश में निकले दादी और नाती-नातिन की तालाब में मिली लाश...

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक थाना के पीछे महज 100 मीटर दूर तालाब में एक महिला और दो बच्चों की लाश मिली है। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मृतका का नाम सूरज बाई और डूबने वाले दोनों बच्चे उसके नाती और नातिन बताए जा रहे हैं। घटना से गांव में मातम पसर गया है। मामला करतला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, करतला निवासी मृतका के बेटे बिजेंद्र कंवर ने बताया कि उसकी मां 50 वर्षीय सूरज बाई, बड़ी बेटी 7 वर्षीय जानवी और छोटा बेटा 5 वर्षीय अखिल कंवर सुबह 6 बजे पुटू की तलाश में घर से निकले थे। इसके बाद उसे जानकारी मिली कि तालाब में उसकी मां की लाश मिली है। घटना स्थल पहुंचने पर दोनों बच्चे नजर नहीं आए, लेकिन वहां उनका चप्पल और एक पॉलिथीन में मशरूम रखा हुआ था। कुछ देर बाद दोनों बच्चे का भी शव बाहर निकल आया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस के जवानों ने शव को तालाब से बाहर निकाला और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले में यह हादसा है या खुदकुशी, इन दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS